पश्चिम बंगाल चुनाव: ८७ स्ट्रॉन्ग रूम तय, ईभीएम सुरक्षा पर सख्ती

76721-otkcmdahbs-1513562158

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ को देखते हुए चुनाव आयोग ने अंतिम तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यभर में ईवीएम की सुरक्षा और मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए ८७ स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग सेंटर तय किए गए हैं। आयोग ने साफ किया है कि सुरक्षा और पारदर्शिता में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
२९४ विधानसभा सीटों के लिए ४४ जिला मुख्यालय और ४३ सब-डिविजन मुख्यालय में केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के बाद सभी ईवीएम इन्हीं स्थानों पर सुरक्षित रखे जाएंगे और यहीं मतगणना होगी। हर स्ट्रॉन्ग रूम पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल तैनात रहेगा और २४ घंटे सीसीटीवी निगरानी होगी।
कोलकाता में काउंटिंग को नॉर्थ और साउथ जोन में बांटा गया है। नॉर्थ में नेताजी इंडोर स्टेडियम और साउथ में बाबासाहेब अंबेडकर शिक्षा यूनिवर्सिटी, बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल, गीतांजलि स्टेडियम और सेंट थॉमस बॉयज स्कूल सहित कई केंद्र बनाए गए हैं। अलीपुर के हेस्टिंग्स हाउस कॉम्प्लेक्स को भी शामिल किया गया है।
साउथ २४ परगना में सबसे अधिक केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मुर्शिदाबाद में पांच स्थानों पर मतगणना होगी। उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, काेचबिहार, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
सुरक्षा के लिए दो-स्तरीय लॉक सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें एक चाबी जिला मजिस्ट्रेट और दूसरी उम्मीदवार या उनके प्रतिनिधि के पास होगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर निगरानी की अनुमति दी जाएगी।
ईवीएम सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चुनाव आयोग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

About Author

Advertisement