सिलिगुड़ी: आगामी विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पूर्व २३ अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सिलिगुड़ी पुलिस आयुक्त सैयद वकार रज़ा ने नागरिकों से शांतिपूर्ण मतदान की परंपरा बनाए रखने की अपील की है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न डालने का आग्रह किया है।
पुलिस आयुक्त ने सिलिगुड़ी तथा डाबग्राम-फुलबाड़ी क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों के अधिकारियों के साथ मिलकर चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संभावित किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया के दौरान नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय या दबाव के २३ अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।








