सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए बड़े अभियान में विशेष टास्क फोर्स और माटीगाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में एक महिला भी शामिल है। इस अभियान में कुल ४०१ ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात परिवहन नगर क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान एक पुरुष और एक महिला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से नकद राशि और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बानू बेगम (उम्र ३० वर्ष), जो नक्सलबाड़ी के तोरताराम जोत की निवासी है, तथा मोहम्मद इदरीस अली (उम्र ३६ वर्ष), जो माटीगाड़ा के विश्वास कॉलोनी के निवासी हैं, के रूप में हुई है।दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में उन्हें सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की जांच के लिए उनकी रिमांड की मांग की है।पुलिस ने यह भी बताया कि इस मादक पदार्थ गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अभियान जारी है।











