नई दिल्ली: आज़ाद भारत के इतिहास में २६ नवंबर की ख़ास अहमियत है। दरअसल यही वह दिन है, जब ग़ुलामी की जंज़ीरों से आज़ाद होकर अपने स्वतंत्र अस्तित्व को आकार देने का प्रयास कर रहे राष्ट्र ने संविधान को अंगीकार किया। इसी दिन संविधान सभा ने इसे अपनी स्वीकृति दी थी। इस वजह से इस दिन को ‘संविधान दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है।
हालांकि इस तारीख़ के साथ कुछ बरस पहले की एक दुखद घटना भी जुड़ी हुई है। २६ नवंबर, २००८ को मुंबई में देश को दहला देने वाला आतंकवादी हमला हुआ था। देश की वाणिज्यिक राजधानी मुम्बई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर १० पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमले किए थे जिनमें १६६ लोग मारे गए थे और ६०० से अधिक घायल हुए थे। ये हमले तीन दिन तक चले। इस दौरान नौ हमलावर आतंकवादियों को मार गिराया गया और मुम्बई पुलिस ने एक आतंकवादी कसाब को ज़िंदा पकड़ लिया, जिसे बाद में फांसी दी गई।
देश-दुनिया के इतिहास में आज की तारीख़ में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है~
१८५९: चार्ल्स डिकेंस के प्रसिद्ध ऐतिहासिक उपन्यास ‘ए टेल ऑफ़ टू सिटीज़’ की अंतिम साप्ताहिक किस्त प्रकाशित हुई थी।
१८८५: ऑस्ट्रो-हंगेरियन खगोलशास्त्री लाडिस्लॉस वेइनेक ने इतिहास में पहली बार किसी उल्कापिंड की तस्वीर ली थी। यह तस्वीर वर्तमान चेक गणराज्य के प्राग वेधशाला में एक फोटोग्राफिक प्लेट पर ली गई थी, जिस पर उल्का की लगभग ७ मिलीमीटर लंबी चमकती रेखा कैद हुई थी। यह उल्का ‘एंड्रोमेडिड’ उल्का बौछार का हिस्सा थी, जो ‘बिएला’ नामक धूमकेतु के टूटने से बने मलबे के कारण उत्पन्न हुई थी।
१९२२: ब्रिटिश पुरातत्वविद् हावर्ड कार्टर और लॉर्ड कार्नार्वन ने मिस्र की ‘वैली ऑफ द किंग्स’ (राजाओं की घाटी) में फ़राओ तूतनखामन के मकबरे के भीतर झांका और उसके रहस्यों को सामने लाने की शुरुआत की। ४ नवंबर १९२२ को कार्टर की टीम को खुदाई के दौरान सीढ़ियां और एक सीलबंद दरवाज़ा मिला था। इस दिन लॉर्ड कार्नार्वन की मौजूदगी में कार्टर ने दरवाज़े में एक छोटा सा छेद बनाया और मोमबत्ती की रोशनी से अंदर देखा, जहां सोना, मूर्तियां और शाही वस्तुएं दिखाई दीं।
१९३२: महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ सर डॉन ब्रैडमैन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने १०,००० रन पूरे किए थे। उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने करियर की ११६वीं पारी में हासिल की थी।
१९४१: एडमिरल चुइची नागुमो के नेतृत्व में जापानी नौसैनिक आक्रमण बल पर्ल हार्बर की ओर रवाना हुआ था। अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों की नज़रों से बचने के लिए, इस बेड़े ने उत्तरी प्रशांत महासागर के उस सुनसान समुद्री मार्ग को चुना जहां आमतौर पर व्यापारिक जहाज़ नहीं चलते थे। पूरी यात्रा के दौरान सख़्त रेडियो मौन बनाए रखा गया था।
१९४८: पहला व्यावसायिक पोलरॉइड लैंड कैमरा (मॉडल ९५) बोस्टन, मैसाचुसेट्स के जॉर्डन मार्श डिपार्टमेंट स्टोर में ८९.७५ डॉलर की क़ीमत पर बिक्री के लिए आया और पहले ही दिन इसकी सभी ५७ यूनिट्स बिक गईं। अमेरिका के वैज्ञानिक और आविष्कारक एडविन लैंड ने इसे विकसित किया था। यह कैमरा लगभग ६० सेकंड में सेपिया रंग की तस्वीर तैयार कर देता था। इसके लिए फ़िल्म लैब जाने की ज़रूरत नहीं थी।
१९४९: आज़ाद भारत की संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में संविधान के मसौदे को अपनाया/पारित किया गया। संविधान पर सदस्यों और अध्यक्ष के हस्ताक्षर की प्रक्रिया २४ जनवरी १९५० को संविधान सभा की बैठक में भी हुई थी, जबकि संविधान २६ जनवरी १९५० को लागू हुआ।
१९६०: उत्तर प्रदेश के कानपुर और लखनऊ शहरों के बीच भारत की पहली सब्सक्राइबर ट्रंक डायलिंग (एसटीडी) सेवा शुरू हुई थी। तत्कालीन केंद्रीय परिवहन और संचार मंत्री डॉ. पी. सुब्बारायण ने कानपुर से लखनऊ पहला एसटीडी कॉल कर इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया था।
१९६७: पुर्तगाल के लिस्बन क्षेत्र में भयंकर मूसलाधार बारिश (बादल फटने जैसी स्थिति) और अचानक आई बाढ़ से लगभग ७०० लोगों की मौत हुई थी।
१९८४: इराक और अमेरिका ने लगभग १७ वर्षों के अंतराल के बाद अपने पूर्ण कूटनीतिक संबंधों को पुनः स्थापित किया था। यह महत्वपूर्ण समझौता वाशिंगटन डी.सी. में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन और इराक के उप-प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री तारिक अज़ीज़ के बीच हुई एक बैठक के बाद संपन्न हुआ।
१९९६: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मंगल ग्रह के अध्ययन के लिए ‘मार्स ग्लोबल सर्वेयर’ अंतरिक्ष यान प्रक्षेपित किया था। इसने मंगल की सतह के विस्तृत मानचित्र बनाए, जिससे भविष्य के ‘फ़ीनिक्स’ रोवर के उतरने की जगह तय करने में मदद मिली। प्राथमिक मानचित्रण २००१ की शुरुआत में पूरा हुआ। इस यान ने अंतरिक्ष में लगभग १० परिचालन वर्ष पूरे किए और नवंबर २००६ में इससे संपर्क टूट गया।
१९९६: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इराक में मानवीय संकट को कम करने के लिए १४ अप्रैल १९९५ को सर्वसम्मति से प्रस्ताव ९८६ पारित किया था, जिसके तहत ‘ऑयल-फ़ॉर-फ़ूड प्रोग्राम’ की स्थापना हुई। शुरुआत में इराक ने संप्रभुता का हवाला देते हुए इसे अस्वीकार कर दिया था, लेकिन मई १९९६ में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद इस दिन संयुक्त राष्ट्र और इराक के बीच इस कार्यक्रम को लागू करने की सभी शर्तों और व्यवस्थाओं पर अंतिम सहमति बनी (विशेष रूप से इराकी तेल की बिक्री की निगरानी के नियमों को मंज़ूरी दी गई)।
१९९७: पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट की क्वेटा बेंच के दो न्यायाधीशों—जस्टिस इरशाद हसन ख़ान और जस्टिस ख़लील-उर-रहमान ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सैयद सज्जाद अली शाह को उनके पद से निलंबित करने का आदेश दिया था। १९९७ में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ और मुख्य न्यायाधीश सज्जाद अली शाह के बीच सुप्रीम कोर्ट में ५ नए जजों की नियुक्ति और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर गहरा टकराव चल रहा था। मुख्य न्यायाधीश ने नवाज़ शरीफ़ के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना की सुनवाई शुरू कर दी थी।
१९९८: तुर्की के प्रधानमंत्री मेसुत यिल्माज ने संसद में अपनी सरकार के विश्वासमत हासिल नहीं कर पाने के बाद इस्तीफ़ा दिया; कंबोडिया के वर्तमान प्रधानमंत्री हुनसेन को औपचारिक रूप से पुनः देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया; माहे (सेशेल्स) में इस्रायल की ‘लीनोर अबार्गिल’ १९९८ की ‘मिस वर्ल्ड’ चुनी गईं; और टोनी ब्लेयर आयरलैंड की संसद को संबोधित करने वाले पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बने।
२००१: नेपाल में भीषण माओवादी हमलों के बाद तत्कालीन राजा ज्ञानेंद्र ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल लागू किया था। २३ से २६ नवंबर के बीच हुई हिंसक झड़पों में २०० से अधिक लोग मारे गए। नेपाल के रक्षा मंत्रालय और सरकारी रेडियो के अनुसार, पूर्वी नेपाल के सोलुखुम्बु (सल्लेरी) और पश्चिमी ज़िलों में हुई जवाबी कार्रवाई में बड़ी संख्या में (सरकारी दावों के मुताबिक़ क़रीब २००) माओवादी विद्रोही मारे गए थे।
२००२: अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने ‘टेररिज़्म रिस्क इंश्योरेंस एक्ट’ पर हस्ताक्षर कर इसे क़ानून बनाया, जिसका उद्देश्य आतंकी हमलों से होने वाले नुक़सान के बीमा दावों को सरकारी सुरक्षा प्रदान करना था।
२००३: कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एक ट्रेन भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आकर नदी में गिर गई, जिसमें कम से कम ११ लोग लापता हो गए थे।
२००४: इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत पापुआ (नबीरे शहर के पास) में रिक्टर पैमाने पर लगभग ७.१ से ७.२ तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इस आपदा में ३० से अधिक लोगों की मौत हो गई, १३० से ज़्यादा लोग घायल हुए और स्थानीय बुनियादी ढांचे (सड़कें, पुल और एयरपोर्ट रनवे) को भारी नुक़सान पहुंचा।
२००४: चीन के हेनान प्रांत स्थित एक हाई स्कूल के हॉस्टल में यान यानमिंग नामक हमलावर ने सोते हुए छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में ८ छात्रों की मौक़े पर ही मौत हो गई और ४ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
२००५: पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत में लगभग ५.५ से ५.७ की तीव्रता आए भूकंप में आधिकारिक रूप से २१ लोगों की मौत हुई, लगभग ८,००० लोग घायल हुए और १.५ लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त होने के कारण लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
२००६: दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में नाटो सेनाओं और तालिबान विद्रोहियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में १ नाटो सैनिक और ५७ विद्रोहियों की मौत हुई।
२००६: स्पेन के विश्व चैंपियन साइकिलिस्ट आइज़ैक गाल्वेज़ की बेल्जियम के घेंट में एक इनडोर ट्रैक रेस के दौरान दूसरे राइडर से टकराने और रेलिंग से गिरने के कारण ३१ वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई।
२००७: उत्तरी फ़िलीपींस में आए शक्तिशाली चक्रवाती तूफ़ान मिताग (स्थानीय नाम ‘मीना’) के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में ७ से १२ लोगों की मौत हुई थी और हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा था।
२००८: भारत के मुंबई में आत्मघाती आतंकवादी हमला हुआ। आतंकवादियों ने ताज होटल में घुसकर अनेक अतिथियों को बंधक बना लिया। इसे भारतीय सेना ने तीन दिनों की कार्रवाई के पश्चात मुक्त करा लिया। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में १६४ लोग मरे, २५० से अधिक घायल। पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के १० प्रशिक्षित आतंकवादी समुद्री रास्ते से मुंबई में दाखिल हुए थे।
२००९: हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब के जेद्दा, मक्का और राबिग शहरों में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ से हालात बेहद गंभीर हो गए। सड़कें कई फ़ीट पानी में डूब गईं, हज़ारों गाड़ियां बह गईं और आधिकारिक तौर पर १२२ लोगों की मौत हुई जबकि ३५० से ज़्यादा लोग लापता हो गए।
२०१०: उत्तरी यमन के सादा प्रांत में हूती विद्रोहियों के एक शोक जुलूस (अंतिम संस्कार काफ़िले) को निशाना बनाकर एक आत्मघाती कार बम विस्फोट किया गया था। यह हमला उस समय हुआ जब लोग दो दिन पहले हुए एक अन्य बम विस्फोट में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। इस विस्फोट में हमलावर सहित कम से कम २ से ४ लोगों की मौत हुई थी और लगभग ८ लोग घायल हुए थे। २४ और २६ नवंबर के दोनों हमलों को मिलाकर कुल २७ लोगों की जान गई थी और २३ से अधिक घायल हुए थे।
२०१०: ताइवान में स्थानीय चुनावों की एक रैली के दौरान सत्तारूढ़ दल के नेता और पूर्व उपराष्ट्रपति के बेटे शॉन लिएन को मंच पर गोली मार दी गई। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई।
२०१०: न्यूज़ीलैंड के साउथ आइलैंड स्थित पाइक रिवर कोयला खदान में एक सप्ताह के भीतर तीसरा बड़ा धमाका हुआ, जिसमें फंसे २९ मज़दूरों की मौत हुई।
२०११: इंडोनेशिया के पूर्वी कालीमंतन प्रांत में महाकम नदी पर बना ७१० मीटर लंबा सस्पेंशन ब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान अचानक ढह गया। इस हादसे में नदी में गिरे वाहनों और लोगों में से कम से कम २० लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल या लापता हो गए।
२०११: पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर स्थित मोहमंद एजेंसी के सलाला इलाक़े में नाटो बलों के हवाई हमले और गोलीबारी में पाकिस्तान के २४ से २६ सैनिक मारे गए और १३ घायल हुए। इस घटना के बाद अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तनाव आ गया था।
२०१२: अरविंद केजरीवाल ने भारतीय संविधान दिवस की वर्षगांठ के अवसर पर आम आदमी पार्टी (आप) का गठन किया। भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और जन लोकपाल क़ानून की मांग से निकलकर इस पार्टी की शुरुआत हुई, जिसकी औपचारिक घोषणा २ अक्टूबर २०१२ को की गई थी। पार्टी का चुनाव चिह्न ‘झाड़ू’, रंग ‘नीला’ और मुख्यालय दिल्ली में है।
२०१३: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में एक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और चिनाब नदी में जा गिरा, जिसमें ८ लोगों की मौत हो गई थी।
२०१३: बहामास के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव पलट जाने से हैती के कम से कम ३० प्रवासियों की डूबकर मौत हो गई थी।
२०१४: चीन के लियाओनिंग प्रांत में स्थित एक कोयला खदान में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में २४ खनिकों की मौत हो गई थी और ५२ अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
२०१५: भारत सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की १२५वीं जयंती के अवसर पर २६ नवंबर को आधिकारिक रूप से ‘संविधान दिवस’ मनाने की घोषणा की। इसे पहले राष्ट्रीय क़ानून दिवस कहा जाता था।
२०१६: उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इटावा की लायन सफ़ारी से आगरा के ताजमहल तक २०७ किलोमीटर लंबे साइकिल ट्रैक (साइकिल हाईवे) का उद्घाटन किया था। इसके निर्माण पर लगभग १३४ करोड़ रुपये ख़र्च किए गए थे। इसे पर्यटन, हरित परिवहन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली महत्त्वाकांक्षी परियोजना के रूप में शुरू किया गया था।
२०१६: युगांडा के कासेसे ज़िले में सुरक्षा बलों व रुवेंज़ुरु साम्राज्य के समर्थकों एवं शाही रक्षकों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। युगांडा सरकार और रुवेंज़ुरु साम्राज्य के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव के बाद, इस दिन युगांडा पुलिस और सरकारी बलों ने साम्राज्य के प्रशासनिक और प्रधानमंत्री कार्यालयों पर छापा मारा। इस शुरुआती कार्रवाई में कम से कम आठ शाही रक्षक मारे गए और दो को गिरफ़्तार किया गया।
२०१७: गुवाहाटी में आयोजित एआईबीए महिला युवा विश्व मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत की पांच महिला मुक्केबाज़ों (नीतू – ४८ किग्रा, ज्योति गुलिया – ५१ किग्रा, साक्षी चौधरी – ५४ किग्रा, शशि चोपड़ा – ५७ किग्रा, अंकुशिता बोरो – ६४ किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
२०१८: नासा का इनसाइट लैंडर लगभग ५०० मिलियन किलोमीटर की यात्रा पूरी करके मंगल ग्रह के एलिसियम प्लैनिटिया क्षेत्र में सफलतापूर्वक उतरा। यह मिशन मंगल ग्रह की सतह के नीचे की संरचना, भूकंपीय गतिविधियों और आंतरिक ऊष्मा का अध्ययन करने के लिए भेजा गया था। ५ मई २०१८ को कैलिफ़ोर्निया के वैंडेनबर्ग वायु सेना अड्डे से एटलस वी-४०१ रॉकेट के ज़रिए प्रक्षेपित किया गया। सौर पैनलों पर धूल जमने से ऊर्जा की कमी के कारण १५ दिसंबर २०२२ को पृथ्वी से इसका संपर्क टूट गया और मिशन समाप्त हुआ।
२०१८: इस दिन आयोजित विश्व व्यापार संगठन की कृषि समिति की बैठक में भारत की कृषि नीतियों सहित कई प्रमुख व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
२०१९: अल्बानिया में ६.४ तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें ५१ लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए।
२०१९: भारतीय संसद के उच्च सदन राज्यसभा ने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) विधेयक, २०१९ पारित किया, जिसे लोकसभा पहले ही पारित कर चुकी थी। यह विधेयक सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय से जुड़ा है और १० जनवरी २०२० से लागू हुआ।
२०१९: इस दिन सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र विधानसभा में बुधवार, २७ नवंबर २०१९ को शाम ५ बजे तक फ़्लोर टेस्ट (बहुमत परीक्षण) कराने का आदेश दिया। यह आदेश शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति एन.वी. रमना, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की पीठ ने पारित किया।
२०२१: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सार्स-कोव-२ के नए वेरिएंट बी.१.१.५२९ को ‘वेरिएंट ऑफ़ कंसर्न’ (चिंताजनक प्रकार) घोषित किया और इसे ओमिक्रॉन नाम दिया।
२०२१: इस दिन भारत सरकार के नागर विमानन मंत्रालय ने १५ दिसंबर २०२१ से नियमित वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया था। कोविड-१९ महामारी के कारण भारत में २३ मार्च २०२० से नियमित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर रोक लगी हुई थी।
२०२२: नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और सीपीएन (माओवादी केंद्र) के अध्यक्ष पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ आम चुनावों की मतगणना के बीच सत्तारूढ़ गठबंधन के तहत नई सरकार बनाने पर सहमत हुए थे।
२०२२: अमेरिकी संघीय संचार आयोग ने राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए हुआवेई, हिकविजन, दहुआ, हाइटेरा और ज़ेडटीई—इन पांच चीनी कंपनियों के नए संचार और निगरानी उपकरणों की बिक्री व आयात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
२०२३: भारत की केंद्र सरकार ने ‘आयुष्मान भारत – स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र’ का नाम बदलकर ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ करने का निर्णय लिया। इन केंद्रों का उद्देश्य व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के तहत लोगों के घर के पास मुफ़्त आवश्यक दवाएं, जांच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य व गैर-संचारी रोगों जैसी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
२०२३: युद्धविराम समझौते के तहत हमास ने बंधकों के तीसरे समूह को रिहा किया। इस दिन १७ बंधकों (१४ इज़राइली और ३ विदेशी नागरिक) को रिहा कर इज़राइल को सौंपा गया।
२०२३: गुजरात में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तूफ़ान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम २४ लोगों की मौत हो गई।
२०२४: इज़रायल की सुरक्षा कैबिनेट ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के साथ जारी संघर्ष को रोकने के लिए अमेरिका और फ़्रांस की मध्यस्थता वाले युद्धविराम समझौते को मंज़ूरी दी। यह युद्धविराम समझौता २७ नवंबर २०२४ को लागू हुआ, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोनों पक्षों द्वारा समझौते को स्वीकार किए जाने की घोषणा की।
२०२४: इस दिन बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की ज़मानत ख़ारिज होने और गिरफ़्तारी के बाद चटगांव, ढाका और अन्य शहरों में विरोध प्रदर्शन तेज़ हो गए। उन्हें २५ नवंबर २०२४ को ढाका हवाई अड्डे से गिरफ़्तार किया गया था। उन पर अक्टूबर २०२४ की एक रैली के दौरान बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान या उसके ऊपर भगवा झंडा फहराने से जुड़े मामले में आरोप लगाए गए थे, हालांकि उन्होंने और इस्कॉन ने आरोपों को ख़ारिज किया।
२०२४: मिसाइल वैज्ञानिक डॉ. जयतीर्थ राघवेंद्र जोशी को ब्रह्मोस एयरोस्पेस के महानिदेशक और सीईओ व एमडी के रूप में नियुक्त किया गया था, और उन्होंने १ दिसंबर २०२४ को पदभार संभाला।
२०२५: बांग्लादेश के राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड के केंद्रीय ख़ुफ़िया प्रकोष्ठ और संबंधित एजेंसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नाम पर दर्ज बैंक लॉकरों को खोलने के बाद लगभग ९ से १० किलोग्राम सोना बरामद करने की जानकारी दी।
[२६/११, ०२:११] नरेन्द्र क्षेत्री। द रिपब्लिक: २६ नवंबर को जन्मे प्रसिद्ध व्यक्ति~
१८७०: डॉ. सर हरिसिंह गौर – महान विधिवेत्ता, शिक्षाविद्, समाज सुधारक और संविधान निर्माण समिति के वरिष्ठ सदस्य थे।
१८५७: फ़र्डिनेंड डी सॉसुर – स्विस भाषाविद्, जिन्हें आधुनिक भाषाविज्ञान का जनक माना जाता है।
१८७६: विलिस कैरियर – अमेरिकी इंजीनियर, जिन्होंने आधुनिक एयर कंडीशनिंग का आविष्कार किया।
१८८१: नाथूराम प्रेमी – भारत के प्रसिद्ध लेखक, कवि, भाषाविद् और संपादक।
१८९४: नॉर्बर्ट वीनर – अमेरिकी गणितज्ञ और दार्शनिक, जिन्हें साइबरनेटिक्स के जनक के रूप में जाना जाता है।
१९१७: बीरेन मित्रा – भारतीय राजनीतिज्ञ तथा ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे थे।
१९१९: राम शरण शर्मा – प्राचीन भारतीय इतिहास के एक विश्वप्रसिद्ध इतिहासकार और शिक्षाविद् थे।
१९२१: वर्गीज कुरियन – भारत में ‘श्वेत क्रांति’ के जनक और अमूल डेयरी सहकारी मॉडल के संस्थापक।
१९२२: चार्ल्स एम. शुल्ज़ – प्रसिद्ध अमेरिकी कार्टूनिस्ट, जिन्होंने विश्व प्रसिद्ध कॉमिक स्ट्रिप ‘पीनट्स’ और स्नूपी पात्र बनाया।
१९२३: वी. के. मूर्ति – हिंदी सिनेमा के महान सिनेमेटोग्राफर थे, जिन्हें दादासाहेब फ़ाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
१९२४: जसु पटेल – भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और ऑफ़-स्पिन गेंदबाज़ थे।
१९२६: प्रोफ़ेसर यशपाल – भारत के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और पद्म विभूषण से सम्मानित विद्वान थे।
१९२६: रवि राय – वरिष्ठ भारतीय राजनीतिज्ञ थे और लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
१९३९: टीना टर्नर – अमेरिकी-स्विस गायिका और अभिनेत्री, जिन्हें ‘क्वीन ऑफ़ रॉक एंड रोल’ कहा जाता है।
१९५२: मुनव्वर राणा – भारत के प्रसिद्ध उर्दू शायर थे, जिन्हें २०१४ में ‘साहित्य अकादमी पुरस्कार’ से नवाज़ा गया था।
१९७२: अर्जुन रामपाल – प्रसिद्ध भारतीय फ़िल्म अभिनेता, मॉडल और निर्माता।
१९७५: डीजे ख़ालिद – प्रसिद्ध अमेरिकी रिकॉर्ड निर्माता और संगीतकार।
१९८२: संयुक्ता वर्मा – मलयालम सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं।
१९८८: जस्सी गिल – लोकप्रिय पंजाबी गायक और फ़िल्म अभिनेता।
१९९०: मीरा नंदन – दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की अभिनेत्री और गायिका हैं।
२६ नवंबर को हुए प्रमुख निधन~
३९९: पोप सिरिसियस – रोमन कैथोलिक चर्च के ३८वें पोप।
१५०४: रानी इसाबेला प्रथम – स्पेन के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कैस्टिल की महारानी, जिन्होंने क्रिस्टोफ़र कोलंबस की समुद्री यात्रा को प्रायोजित किया था।
१६५१: हेनरी आयरटन – अंग्रेज़ी गृहयुद्ध के दौरान पार्लियामेंट्री सेना के प्रसिद्ध जनरल और ओलिवर क्रॉमवेल के दामाद।
१८२२: कार्ल ऑगस्ट वॉन हार्डनबर्ग – प्रशिया के प्रसिद्ध राजनेता और प्रधानमंत्री।
१८५५: एडम मिकिविज़ – पोलैंड के राष्ट्रीय कवि, नाटककार और राजनीतिक कार्यकर्ता।
१८५७: जोसेफ़ वॉन आइकेनडॉर्फ़ – जर्मन रोमांटिक युग के प्रसिद्ध कवि और उपन्यासकार।
१८८३: सोजर्नर ट्रुथ – अमेरिका में दास प्रथा के उन्मूलन और महिला अधिकारों के लिए लड़ने वाली प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता।
१९१७: एल्सी इंग्लिस – प्रथम विश्व युद्ध के दौरान स्कॉटिश महिला अस्पतालों की स्थापना करने वाली प्रसिद्ध डॉक्टर और समाज सुधारक।
१९२५: राजा वजीरावुध – सियाम (वर्तमान थाईलैंड) के छठे सम्राट।
१९२८: एडमिरल रेनहार्ड शीर – प्रथम विश्व युद्ध (जटलैंड की लड़ाई) में जर्मन नौसेना के कमांडर।
१९७१: पालवंकर विट्ठल – भारत के शुरुआती दौर के प्रसिद्ध दलित क्रिकेटर और हिंदू जिमखाना टीम के कप्तान।
१९७५: रेलंगी वेंकटरमैया – तेलुगु सिनेमा के दिग्गज हास्य अभिनेता और पद्म श्री पुरस्कार विजेता।
१९८१: मैक्स यूवे – डच शतरंज ग्रैंडमास्टर, पूर्व विश्व शतरंज चैंपियन और फ़िडे के अध्यक्ष।
१९८५: विवियन थॉमस – हृदय शल्य चिकित्सा की महत्वपूर्ण तकनीकों को विकसित करने वाले अमेरिकी प्रयोगशाला तकनीशियन।
१९९८: सावजीभाई कोराट – भारतीय राजनीतिज्ञ और गुजरात सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।
२००८: हेमंत करकरे – १९८२ बैच के आईपीएस अधिकारी और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते के तत्कालीन प्रमुख थे, जो कामा अस्पताल के पास आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए थे।
२००८: विजय सालस्कर – मुंबई पुलिस में सेवारत एक वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट थे।
२००८: अशोक कामटे – मुंबई पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त थे, जो आतंकियों का मुक़ाबला करते हुए शहीद हुए।
२००८: तुकाराम ओंबले – मुंबई पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक थे, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकी अजमल कसाब की राइफ़ल पकड़ ली थी और उसे ज़िंदा पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मरणोपरांत ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया।
२००८: शशांक शिंदे – रेलवे पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक थे, जो छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हुए थे।
२००८: अशोक कपूर – यस बैंक के सह-संस्थापक और प्रसिद्ध भारतीय बैंकर थे।
२०१४: तपन राय चौधरी – प्रसिद्ध इतिहासकार।
२०१८: बर्नार्डो बर्टोलुची – ‘द लास्ट एम्परर’ और ‘लास्ट टैंगो इन पेरिस’ जैसी फ़िल्मों के लिए प्रसिद्ध ऑस्कर विजेता इतालवी फ़िल्म निर्देशक।
२०१८: स्टीफ़न हिलेनबर्ग – विश्व प्रसिद्ध कार्टून शो ‘स्पंजबॉब स्क्वायरपैंट्स’ के निर्माता।
२६ नवंबर के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव~
संविधान दिवस (भारत): २६ नवंबर १९४९ को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकार किए जाने की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। भारत सरकार ने २०१५ में डॉ. बी. आर. आंबेडकर की १२५वीं जयंती के अवसर पर इसे आधिकारिक रूप से ‘संविधान दिवस’ घोषित किया था।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।
विश्व जैतून वृक्ष दिवस: यूनेस्को द्वारा घोषित यह दिवस जैतून के वृक्ष के सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और आर्थिक महत्व को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। इसे २०१९ में यूनेस्को महासभा के ४०वें सत्र में घोषित किया गया था।
विश्व सतत परिवहन दिवस: संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा नामित यह दिवस सुरक्षित, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है।





