२२वां विशाल भगवती जागरणसिलीगुड़ी में

IMG-20250925-WA0128

सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल की अग्रणी धार्मिक संस्था मां भगवती जागरण समिति द्वारा आयोजित २२वें भगवती जागरण महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह आयोजन शनिवार २७ सितम्बर से लेकर २ अक्टूबर तक स्थानीय शिवम पैलेस, बर्दवान रोड में होने जा रहा है।
शनिवार की शाम ७ बजे से शुरू होने वाला जागरण रविवार सुबह माता तारा रानी की कथा तक चलेगा। इस दौरान वाराणसी से संजीव शर्मा, भुवनेश्वर से शुभांगी सोनी और कोलकाता से राहुल गहरवार जैसे विख्यात भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा कोलकाता से आई विशेष टीम नयनाभिराम झांकियां और नृत्य-नाटिकाएं पेश करेगी।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष मंडप सज्जा विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। उत्तर बंगाल के शिल्पकारों द्वारा अठारह भुजा वाली मां पराम्बा भगवती दुर्गा की प्रतिमा के साथ-साथ देवी के नौ रूपों की प्रतिमाएं भी बनाई जा रही हैं। भगवान गणेश और बालाजी महाराज की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी।
भक्तों के लिए इस बार सिंदूर थीम पर आधारित सेल्फी जोन भी तैयार किया गया है। वहीं, अखंड ज्योत के दर्शन और उसमें आहुति देने की व्यवस्था रहेगी। सप्तमी से नवमी तक खिचड़ी महाप्रसाद और छप्पन भोग का वितरण होगा।
महासप्तमी से महानवमी तक हर शाम ७ बजे से भक्तिमय नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। महोत्सव का समापन विजयादशमी के दिन प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा।
मां भगवती जागरण समिति का यह आयोजन पिछले २२ वर्षों से पूर्वोत्तर भारत में भक्ति और संस्कृति का सबसे बड़ा मंच माना जाता है। इस बार भी आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के १०८ सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

About Author

Advertisement