दिल्ली पुलिस ने दिया हाई कोर्ट के आदेश का हवाला
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले २० दिनों से आमरण अनशन पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार तड़के उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों और चिकित्सा विशेषज्ञों की सलाह पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और भारी विरोध के बीच पुलिस कर्मियों ने वांगचुक को धरना स्थल से हटाकर अस्पताल पहुंचाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, “माननीय उच्च न्यायालय के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पर, श्री सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल स्थानांतरित किया गया है। अदालत के आदेशों का पालन कराने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे थोड़ा तनाव उत्पन्न हुआ। हालांकि, पुलिस ने पूर्ण संयम बरता और इस प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से पूरा किया। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल्द से जल्द इस स्थान को शांतिपूर्वक खाली कर दें।”
वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई से ठीक पहले पुलिस ने यह कदम उठाया। इस सप्ताह के शुरुआत में, उच्च न्यायालय ने “किसी भी नागरिक का जीवन अनमोल है” की टिप्पणी करते हुए प्रशासन को वांगचुक के स्वास्थ्य का दैनिक मूल्यांकन करने और उनके जीवन की रक्षा के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा हस्तक्षेप सुनिश्चित करने का निर्देश केंद्र सरकार को दिया था।
वांगचुक की निगरानी कर रहे डॉक्टरों ने शुक्रवार को ही उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए अंग विफलता (ऑर्गन फेलियर) की आशंका जताई थी। दैनिक मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, ५९ वर्षीय कार्यकर्ता ने अपना अनिश्चितकालीन उपवास शुरू करने के बाद से ८ किलोग्राम से अधिक वजन खो दिया है।










