बीजिंग: चीन की राजधानी बीजिंग में शनिवार से दूसरा वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स (रोबोट ओलंपिक) शुरू हो गया है। पांच दिवसीय इस आयोजन में १६ देशों की ६५० से अधिक टीमों के २००० से अधिक ह्यूमनॉइड रोबोट हिस्सा ले रहे हैं। इस विशेष ओलंपिक में रोबोट्स के बीच दौड़, फुटबॉल, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और किक बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों और औद्योगिक गतिविधियों का आयोजन हो रहा है। पहले दिन ४०० मीटर और १५०० मीटर की दौड़ पूरी तरह से स्वायत्त श्रेणी में हुई, जहां रोबोट्स ने बिना रिमोट कंट्रोल के रेस में हिस्सा लिया। वीआर चाइना की रिपोर्टों के अनुसार, उद्घाटन समारोह के अवसर पर रोबोट्स ने आर्मी परेड जैसे सटीक तालमेल के साथ मार्च-पास्ट किया। इसी तरह, चीनी ह्यूमनॉइड रोबोट गेलबॉट ने लॉन टेनिस में अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। रोबोट ओलंपिक का आयोजन बीजिंग के नेशनल स्पीड स्केटिंग ओवल (आइस रिबन) में हो रहा है। रोबोट्स के बीच मानवीय खेलों की झलकियां सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं। चीन के प्रमुख दैनिक ‘ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, यूनिट्री टेक्नोलॉजीज के स्टैंड पर दो ह्यूमनॉइड रोबोट्स के बीच लाइव बॉक्सिंग देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी।










