भुवनेश्वर: भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होम्योपैथी के क्षेत्र में सशक्त अनुसंधान संस्कृति विकसित करने के लिए अनुसंधान संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा व्यावसायिक संगठनों से आपसी सहयोग करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि होम्योपैथी के भविष्य की विश्वसनीयता और शैक्षणिक प्रतिष्ठा काफी हद तक इसके अनुसंधान की वैज्ञानिक सत्यनिष्ठा तथा उससे प्राप्त होने वाले चिकित्सीय साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी।
बुधवार को भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय होम्योपैथी वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल होते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी भारत की विविध स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुलभ, समानतामूलक, वैज्ञानिक दृष्टि से जिम्मेदार तथा जनहित के प्रति संवेदनशील बनाने में संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों तथा स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक निर्णय में रोगी की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। स्वास्थ्य सेवा का अंतिम उद्देश्य लोगों की पीड़ा कम करना और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इसलिए चिकित्सा क्षेत्र की प्रत्येक विधा में रोगी का हित सर्वोपरि होना चाहिए।
उन्होंने होम्योपैथी के विकास में वैज्ञानिक अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सीय साक्ष्यों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि विश्वसनीयता और शैक्षणिक प्रतिष्ठा को सुदृढ़ बनाने के लिए अनुसंधान में वैज्ञानिक ईमानदारी तथा साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण अनिवार्य है। उन्होंने अनुसंधान संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और व्यावसायिक संगठनों से इस दिशा में मिलकर काम करने तथा अनुसंधान की मजबूत परंपरा विकसित करने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का निर्माण आवश्यक है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति समान अवसर और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर सके। इसके लिए चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, संवेदनशीलता तथा रोगी के हित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वाह करना चाहिए।





