हैरी ब्रुक के अविजित शतक से इंग्लैंड की एकतरफा जीत, श्रीलंका को ११९ रन से रौंदा

IMG-20260916-WA0065

​साउथम्पटन: कप्तान हैरी ब्रुक के विस्फोटक अविजित शतक (११४*) और जोस बटलर की आक्रामक पारी (८०) के दम पर इंग्लैंड ने पहले टी-२० अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका को ११९ रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में १-० की बढ़त हासिल कर ली है।
​रोज बाउल में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत झटके के साथ हुई। पदार्पण कर रहे एनेरिन डोनाल्ड केवल १२ रन बनाकर तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद बटलर और ब्रुक ने दूसरे विकेट के लिए महज १० ओवरों में १२८ रनों की तूफानी साझेदारी कर मैच का रुख मोड़ दिया। बटलर ४४ गेंदों में ८० रन बनाकर शतक से चूक गए, लेकिन ब्रुक ने एक छोर संभाले रखा। ब्रुक ने केवल ४९ गेंदों में १० चौकों और ६ छक्कों की मदद से अविजित ११४ रनों की पारी खेली। अंत में टॉम बेंटन (१०) और विल जैक्स (२१*) के योगदान से इंग्लैंड ने २० ओवर में ४ विकेट पर २५४ रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
​२५५ रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दबाव में बिखर गई। महज ३२ रनों के स्कोर पर अपने ३ शीर्ष बल्लेबाजों को गंवाने के बाद श्रीलंका कभी भी मैच में वापसी नहीं कर सकी और पूरी टीम १९ ओवरों में केवल १३५ रनों पर सिमट गई। श्रीलंका के लिए ऑलराउंडर दुनिथ वेल्लालागे ने २१ गेंदों में सर्वाधिक ३३ रन बनाए, जबकि दासुन शनाका ने २४ और ईशान मलिंगा ने नाबाद १३ रनों का योगदान दिया।
​इंग्लैंड की ओर से गेंदबाज़ी में सोमी बेकर ने घातक प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक ३ विकेट झटके, जबकि लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को २-२ सफलताएं मिलीं। मैच जिताऊ शतकीय पारी खेलने वाले कप्तान हैरी ब्रुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

About Author

Advertisement