विकास और विरासत का नया संकल्प
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक हुगली नदी में नौका विहार करते हुए खुद को एक बार फिर बंगाल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ा। चुनावी सरगर्मी के बीच कोलकाता पहुंचे मोदी ने लकड़ी की पारंपरिक नाव पर सवार होकर हुगली की यात्रा की और इस नदी को भारतीय सभ्यता की आत्मा व गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बताया। यात्रा के दौरान वे एक गंभीर फोटोग्राफर के अंदाज में नजर आए, जहां उन्होंने हाथ में कैमरा थामकर कोलकाता की पहचान माने जाने वाले हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु की शानदार तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कीं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हुगली की पवित्र धारा भारत की सांस्कृतिक विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है। उन्होंने इस यात्रा के माध्यम से बंगाल के विकास और यहां के “महान लोगों” की समृद्धि के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता भी दोहराई। नौका विहार का यह दृश्य जहां एक ओर मोदी के आध्यात्मिक पक्ष को दर्शाता है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करने से पहले इसे स्थानीय जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाने के एक प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।








