नई दिल्ली: बीडब्ल्यूएफ हाइलो ओपन सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने अपने-अपने शुरुआती मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही किरण जॉर्ज, ईशारानी बरुआ, मालविका बंसोड़, अनमोल खरब और उन्नति हुड्डा ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इस बीच, एचएस प्रणय सहित कुछ भारतीय खिलाड़ियों को शुरुआती दौर में ही हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल में दूसरी वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रकृति भरत को सीधे गेम में २१-१०, २१-१० से पराजित किया। यह मुकाबला केवल २८ मिनट तक चला। पिछले सप्ताह फ्रेंच ओपन में उपविजेता रहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने अपनी बेहतरीन लय को बरकरार रखते हुए शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।
पुरुष एकल वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन को फिनलैंड के जोआकिम ओल्डोर्फ के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। भारतीय शटलर ने यह मुकाबला १६-२१, २१-९, २१-१३ से अपने नाम किया। पहला गेम गंवाने के बाद लक्ष्य ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। वहीं किरण जॉर्ज ने भी पुरुष एकल के मैच में मलेशिया के चीम जून वेई को २१-१८, २१-१७ से हराया। भारत के अनुभवी खिलाड़ी एचएस प्रणय पहले ही दौर में बाहर हो गए। उन्हें फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त टोमा जूनियर पोपोव ने २३-२१, २१-१६ से पराजित किया।
ईशारानी ने जर्मनी की मिरांडा विल्सन के खिलाफ सीधे गेम में २१-१९, २१-९ से जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। यह मैच ३८ मिनट तक चला। पहले गेम में भारतीय शटलर को कड़ी टक्कर मिली, लेकिन दूसरे गेम में जर्मन खिलाड़ी ने आत्मसमर्पण कर दिया।
वहीं, भारत की दो खिलाड़ियों के बीच खेले गए मुकाबले में मालविका बंसोड़ ने देविका सिहाग को १८-२१, २१-१०, २१-१४ से हराया। देविका ने पहला गेम जीता था, लेकिन वे अपनी लय बनाए रखने में असफल रहीं। इसका फायदा उठाते हुए मालविका ने शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
टूर्नामेंट में छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा ने चेक गणराज्य की तेरेजा स्वाबिकोवा के खिलाफ १७-२१, २१-१२, २१-११ से जीत दर्ज की। पहला गेम हारने के बाद भारतीय शटलर ने बेहतरीन वापसी की। उन्नति ने अगले दोनों गेम में तेरेजा को अधिक मौके नहीं दिए और ४९ मिनट में मैच जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस बीच, भारत की आकर्षि कश्यप को यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा के खिलाफ १२-२१, १८-२१ से हार का सामना करना पड़ा।





