हाइलो ओपन: महिला एकल में पीवी सिंधु चैंपियन

IMG-20261101-WA0102

​नई दिल्ली: भारत की स्टार शटलर खिलाड़ी पीवी सिंधु ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए हाइलो ओपन सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब जीता। रविवार को खेले गए फाइनल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने डेनमार्क की विश्व की २५वें नंबर की खिलाड़ी लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट को सीधे गेम में २१-१२, २१-१४ से पराजित किया। इसके साथ ही सिंधु ने इस साल अपना दूसरा खिताब जीता।
​जर्मनी के सारब्रुकन में खेले गए फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने शुरुआत से ही उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने शक्तिशाली स्मैश, सटीक शॉट और असाधारण रणनीति के दम पर आठवीं वरीयता प्राप्त कजर्सफेल्ट को अधिक मौका नहीं दिया। इस तरह उन्होंने ३९ मिनट में ही मैच अपने नाम कर लिया।
​सिंधु ने इससे पहले जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीता था। वहीं पिछले सप्ताह उन्हें फ्रेंच ओपन में उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा था। इस बार हाइलो ओपन में खिताब जीतकर उन्होंने शानदार वापसी की।
​फाइनल में जीत के साथ सिंधु ने डेनमार्क की प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपना रिकॉर्ड ७-१ कर लिया। कजर्सफेल्ट के खिलाफ सिंधु को एकमात्र हार का सामना २०२५ के सुदीरमन कप के फाइनल में करना पड़ा था।
​हाइलो ओपन में खिताब जीतने के साथ ही विश्व की आठवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु को ९२०० रैंकिंग अंक हासिल हुए। इससे साल के अंत में होने वाले वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने की उनकी संभावनाओं को मजबूती मिलेगी।

About Author

Advertisement