कोलकाता: हसल हमेशा से भारतीय हिप-हॉप का वह होमग्राउंड रहा है, जहाँ कच्ची प्रतिभा को मार्गदर्शन मिलता है, जहाँ संस्कृति को अपनी आवाज़ मिलती है और जहाँ हर कलाकार को अपने संघर्ष को एक आंदोलन में बदलने का अवसर मिलता है। इस वर्ष, ‘हसल ५ – अपना होमग्राउंड’ इसी भावना का जश्न मनाता है, जो उन कलाकारों, मेंटर्स और समुदायों को एक साथ लाता है, जो देसी हिप-हॉप के भविष्य को लगातार आकार दे रहे हैं। यह नया सीज़न ८ अगस्त से हर शनिवार और रविवार शाम ७:०० बजे जियोहॉटस्टार और एमटीवी इंडिया पर प्रसारित होगा। हसल ५ – अपना होमग्राउंड के प्रीमियर से पहले, ओजी स्क्वाड बॉस ईपीआर ने कोलकाता में छात्रों, प्रशंसकों और मीडिया से मुलाकात की तथा उस शहर का जश्न मनाया, जिसे वह गर्व से अपना ‘होमग्राउंड’ कहते हैं।
इस रोमांचक नए अध्याय का नेतृत्व बादशाह कर रहे हैं, जो एक बार फिर रैप सुप्रीमो के रूप में भारत की अगली पीढ़ी के रैप टैलेंट का मार्गदर्शन करने के लिए लौटे हैं। उनके साथ हैं ओजी स्क्वाड बॉस ईपीआर, जो हसल की यात्रा में मेंटरिंग पैनल का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके साथ एमसी स्क्वायर, पैराडॉक्स और एग्सी भी स्क्वाड बॉस के रूप में वापसी कर रहे हैं। यह उनके लिए एक सच्चा फुल-सर्कल मोमेंट है, क्योंकि उन्होंने सबसे पहले हसल के मंच पर प्रतियोगी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
शहर में आयोजित इस विशेष गतिविधि के तहत, ईपीआर ने द भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज का दौरा किया, जहाँ उन्होंने छात्रों से बातचीत की और युवा उभरती प्रतिभाओं के बीच आयोजित एक रैप बैटल का निर्णायक मंडल का हिस्सा बने। शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाते हुए, उन्होंने प्रतिष्ठित कॉलेज स्ट्रीट पर भी समय बिताया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध इंडियन कॉफी हाउस और प्रतिष्ठित विरासत पुस्तकालय दासगुप्ता एंड कंपनी का दौरा किया तथा वहाँ के कालातीत साहित्यिक आकर्षण का अनुभव किया। इस दौरे का समापन कन्वर्सेशन रूम में आयोजित एक मीडिया संवाद के साथ हुआ, जहाँ ईपीआर ने आगामी सीज़न के बारे में बात की और भारतीय हिप-हॉप आंदोलन के निरंतर विकसित होते स्वरूप पर अपने विचार साझा किए। यह दौरा उस शहर को समर्पित था, जिसने ईपीआर की कलात्मक यात्रा को आकार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपनी इस यात्रा के बारे में बात करते हुए, ईपीआर ने कहा, “कोलकाता हमेशा से मेरा होमग्राउंड रहा है। इस शहर ने मेरे सोचने, लिखने और खुद को अभिव्यक्त करने के तरीके को आकार दिया है और यहाँ की हर गली ऐसी यादों से जुड़ी है, जो आज भी मेरे संगीत को प्रेरित करती हैं। छात्रों से बातचीत करना, कॉलेज स्ट्रीट में समय बिताना और यहाँ मीडिया से जुड़ना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि यह सीज़न हर उभरते कलाकार को अपनी जड़ों को अपनाने और अपनी कहानी की ताकत पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करेगा।”
हसल ५ इस ८ अगस्त से जियोहॉटस्टार और एमटीवी इंडिया पर हर शनिवार और रविवार शाम ७:०० बजे शुरू हो रहा है, जो हिप-हॉप संस्कृति को एक बार फिर वहीं लेकर आएगा, जहाँ से इसकी शुरुआत हुई थी!










