जयपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी और वहां भाजपा का ‘कमल’ खिलने जा रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को परिश्रम और पुरुषार्थ करने की सलाह देते हुए नवीन ने कहा, “हमें राजनीति में ‘शॉर्टकट’ से बचना है।” उन्होंने कहा कि आरक्षण संबंधी ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को भाजपा समय आने पर निश्चित रूप से पूरा करेगी। वे राजस्थान के टोंक शहर में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंग से लेकर बंग तक और अब कलिंग तक भाजपा का शासन बढ़ रहा है, लेकिन हमें अभी और भी आगे बढ़ना है।
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में भी जिस प्रकार से भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिश्रम किया है और वहां की जनता जिस प्रकार शासन के खिलाफ सड़कों पर आई है, मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि ४ मई (मतगणना के दिन) को पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलने जा रहा है और भगवा लहराने जा रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की जनता वहां की शासन व्यवस्था से त्रस्त थी। “मां, माटी और मानुष के नाम पर जो सरकार आई थी, उन्होंने वहां मां, माटी और मानुष के साथ बेईमानी करने का काम किया,” उन्होंने कहा।
नवीन ने कहा, “लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान से अब वह समय आ गया है कि जब वहां मतदान होगा, तो आप मानकर चलिए कि भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है।”
संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़े ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा और उन पर महिलाओं का हक छीनने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “हम नारी वंदन के माध्यम से महिलाओं की हिस्सेदारी और हक को बढ़ाने का काम कर रहे हैं, तो उसे रोकने का काम कांग्रेस के साथियों ने किया। यहां जो भी कांग्रेस के नेता होंगे, उनसे जाकर पूछिए कि क्यों उन्होंने माता-बहनों का हक छीना? उन्हें जवाब देना होगा।”
नवीन ने कहा, “भाजपा के नेता नरेंद्र मोदी जब कोई संकल्प लेते हैं, तो उसे सिद्धि तक पहुंचाते हैं। भाजपा का नेतृत्व ही महिलाओं को उनका अधिकार दिलाएगा।”
कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, “हमें राजनीति में ‘शॉर्टकट’ से बचना है। राजनीति कोई ‘१०० मीटर की दौड़’ नहीं है जहां गति की परीक्षा होती हो, राजनीति ‘लंबी दौड़’ है जहां क्षमता (स्टेमिना) की परीक्षा होती है। इसलिए हमें निरंतर मेहनत से पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेना है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ही नहीं, बल्कि सबसे लोकप्रिय पार्टी भी बनाना है। “हमारे नेता नरेंद्र मोदी आज केवल देश को नेतृत्व नहीं दे रहे, बल्कि पूरे विश्व को दिशा दे रहे हैं,” उन्होंने कहा।
नए कार्यालय भवन के उद्घाटन की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय हमारे संकल्प और विचार का केंद्र होता है। इस अवसर पर नवीन ने टोंक भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और कई अन्य जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे।










