स्पेनिश ला लीगा: बार्सिलोना की शानदार जीत, एटलेटिको मैड्रिड की लगातार तीसरी हार

IMG-20260412-WA0053

बार्सिलोना: स्पेनिश ला लीगा में खिताबी जीत की ओर मजबूती से कदम बढ़ाते हुए बार्सिलोना ने अपना विजय अभियान जारी रखा है, जबकि एटलेटिको मैड्रिड को एक और हार का सामना करना पड़ा है। शनिवार रात नोउ कैंप में खेले गए मुकाबले में बार्सिलोना ने एस्पानयोल को ४-१ से करारी शिकस्त दी।
अपने घरेलू मैदान पर ५८ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलते हुए बार्सिलोना ने मैच के दोनों हाफ में दो-दो गोल दागे। टीम के सेंटर फॉरवर्ड फेरान टोरेस ने पहले हाफ में ही अपना जलवा दिखाते हुए ९वें और ३५वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में पोल लोजानो ने ५६वें मिनट में एस्पानयोल के लिए एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन खेल के अंतिम क्षणों में बार्सिलोना ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। लामिन यामाल ने ८७वें और मार्कस रासफोर्ड ने 89वें मिनट में गोल कर टीम की ४-१ से जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ बार्सिलोना ३१ मैचों में ७९ अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है और दूसरे स्थान पर मौजूद रियल मैड्रिड से ९ अंक आगे निकल गया है।
दूसरी ओर, एटलेटिको मैड्रिड का खराब फॉर्म जारी है। उसे सेविले के खिलाफ १-२ से हार झेलनी पड़ी, जो इस सीजन में उसकी लगातार तीसरी हार है। मैच के १०वें मिनट में ही सेविले के एकोर एडम्स ने गोल कर बढ़त बना ली थी। हालांकि, ३५वें मिनट में जेवियर बोनार ने एटलेटिको के लिए बराबरी का गोल दागा, लेकिन पहले हाफ के इंजरी टाइम में नेमांजा गुदेल ने गोल कर सेविले को फिर से बढ़त दिला दी जो अंत तक कायम रही। इस हार के बाद भी एटलेटिको मैड्रिड ५७ अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।
ला लीगा के अन्य मुकाबलों में एल्चे ने वालेंसिया को १-० से हराकर चौंकाया, जबकि रियल सोसिदाद और अलावेस के बीच खेला गया रोमांचक मैच ३-३ की बराबरी पर छूटा।

About Author

Advertisement