म्याड्रिड: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता में रियल मैड्रिड को बड़ा झटका लगा है। खिताब की दौड़ में शामिल रियल मैड्रिड को मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में गेटाफे के खिलाफ ०-१ से हार का सामना करना पड़ा।
अपने घरेलू मैदान पर ७८ प्रतिशत पज़ेशन के साथ खेलने के बावजूद रियल मैड्रिड गोल नहीं कर सका। चोटिल कीलियन एम्बाप्पे की अनुपस्थिति में टीम के आक्रमण में पुरानी धार नजर नहीं आई। इसके अलावा घरेलू टीम ने कुछ करीबी मौके भी गंवा दिए।
गेटाफे के लिए मैच का एकमात्र गोल मार्टिन साटरिआनो ने ३९वें मिनट में किया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाया गया। रियल मैड्रिड के फ्रांको मासटानटुओनो और गेटाफे के एड्रियन लिसो को मैदान छोड़ना पड़ा।
इस हार के बाद रियल मैड्रिड २६ मैचों में ६० अंकों के साथ ला लीगा अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। यह टीम की ला लीगा में लगातार दूसरी हार है। वहीं ११वें स्थान पर काबिज गेटाफे के ३२ अंक हो गए है।










