मैड्रिड: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल में रियल मैड्रिड ने अपना विजय अभियान जारी रखा। शनिवार रात खेले गए मैच में रियल मैड्रिड ने विल्लारियल को २-० से पराजित किया। इस अवे मैच में ५९ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाले रियल मैड्रिड की ओर से दोनों गोल किलियन एम्बाप्पे ने किए। इस फ्रांसीसी फॉरवर्ड ने ४७ वें और इंजरी टाइम के चौथे मिनट में गोल दागे।
इस जीत के साथ रियल मैड्रिड २१ मैचों में ५१ अंकों के साथ ला लीगा अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। वहीं विल्लारियल ४१ अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
इसी तरह, वेलेंसिया ने एस्पानयोल के खिलाफ ३-२ से रोमांचक जीत दर्ज की। मैच में ९० मिनट तक स्कोर २-२ से बराबरी पर था, जिसके बाद इंजरी टाइम के चौथे मिनट में पेनल्टी पर गोल कर लार्गे रामाजानी ने वेलेंसिया को रोमांचक जीत दिलाई।
इस हार के बावजूद एस्पानयोल ३४ अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बना हुआ है, जबकि १४ वें स्थान पर मौजूद वेलेंसिया के २३ अंक हैं। ला लीगा के अन्य मैचों में सेविले ने एथलेटिक क्लब को २-१ से, ओसासुना ने रायो वाल्लेकानो को ३-१ से और लेवांते ने एल्चे को ३-२ से पराजित किया।










