नई दिल्ली: बांग्लादेश की टीम के टी२० वर्ल्ड कप से बाहर होने का सबसे अधिक फायदा स्कॉटलैंड को हुआ है। स्कॉटलैंड इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले उसे अचानक प्रवेश मिल गया। आईसीसी के फैसले के बाद स्कॉटलैंड ने भी टी२० वर्ल्ड कप में खेलने और भारत यात्रा के लिए अपनी उत्सुकता की पुष्टि की है।
भारत में आकर मैच न खेलने की जिद पर अड़े रहने के कारण आईसीसी ने बांग्लादेश को टी२० वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को मौका दिया। आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप ७ फरवरी से शुरू होगा और स्कॉटलैंड की टीम परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए जल्द भारत आना चाहती है।
आईसीसी को लिखे एक विशेष धन्यवाद पत्र में क्रिकेट स्कॉटलैंड ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया है। क्रिकेट स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ट्रूडी लिंडब्लेड ने कहा, “मुझे आईसीसी से एक पत्र मिला था, जिसमें पूछा गया था कि क्या हमारी पुरुष टीम टी२० वर्ल्ड कप में खेलना चाहती है। हमने उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। इस आमंत्रण के लिए हम आईसीसी के प्रति आभारी हैं।
स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों के लिए लाखों समर्थकों के सामने वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा करना एक रोमांचक अवसर होगा। हम यह भी स्वीकार करते हैं कि यह अवसर चुनौतीपूर्ण और असामान्य परिस्थितियों के कारण संभव हो पाया है। हमारी टीम पिछले कुछ हफ्तों से आगामी यात्राओं के लिए अभ्यास कर रही है। अब हम जल्द भारत पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं ताकि वहां की परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठा सकें। हम आईसीसी पुरुष टी२० वर्ल्ड कप में खेलने और योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
उल्लेखनीय है कि स्कॉटलैंड ग्रुप सी में है। ग्रुप चरण में टीम के चार मैच ७ फरवरी (वेस्टइंडीज के खिलाफ), ९ फरवरी (इटली के खिलाफ), १४ फरवरी (इंग्लैंड के खिलाफ) और १७ फरवरी (नेपाल के खिलाफ) खेले।









