कोवलून: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी को हांगकांग ओपन सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। भारत की अनुभवी जोड़ी को मलेशिया के मान वेई चोंग और टी काई वुन की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पराजित किया।
इस साल सिंगापुर और चीन में खिताब जीतने वाली तथा विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी को ४१ मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में १८-२१, १९-२१ से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन निर्णायक मौकों पर गलतियां करने के कारण भारतीय जोड़ी का अभियान समाप्त हो गया।
मैच में शुरुआत से ही दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और वे लगभग बराबरी के साथ आगे बढ़ती रहीं। पहले गेम में स्कोर एक समय ४-४ और बाद में ७-७ की बराबरी पर था। इसके बाद भी दोनों जोड़ियों के बीच संघर्ष जारी रहा। १०-१० के स्कोर के बाद मलेशियाई जोड़ी ने अंक हासिल कर ब्रेक तक मामूली बढ़त बना ली।
सात्विक-चिराग की जोड़ी ने इसके बाद भी कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने अपनी लय बरकरार रखी और १८-१९ के स्कोर के बाद दो गेम प्वाइंट हासिल किए। इसके बाद मलेशियाई जोड़ी ने कोई गलती नहीं की और पहला गेम जीत लिया।
दूसरा गेम और भी अधिक प्रतिस्पर्धी रहा। भारतीय जोड़ी ने एक समय ७-३ की बढ़त हासिल की थी, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने लगातार छह अंक हासिल कर मैच का रुख बदल दिया। पहले ९-७ की बढ़त बनाने के बाद वे ब्रेक तक दो अंकों की बढ़त लेने में सफल रहे।
सात्विक-चिराग की गलतियों का फायदा उठाते हुए मलेशियाई जोड़ी ने अपनी बढ़त १४-९ तक पहुंचा दी। हालांकि, भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए जल्द ही स्कोर १९-१९ की बराबरी पर पहुंचा दिया। इसके बाद मलेशियाई जोड़ी ने चिराग को निशाना बनाते हुए मैच प्वाइंट हासिल किया और अंततः दूसरा गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।





