आज से दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन शुरू
सिलीगुड़ी: मानव उत्थान सेवा समिति उत्तर–पूर्वी क्षेत्र के तत्वावधान में सिलीगुड़ी–सालुगढ़ा स्थित मानव धर्म आश्रम परिसर में आज से दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन का शुभारंभ हो रहा है। सम्मेलन को संबोधित करने हेतु मानव धर्म के प्रणेता सद्गुरुदेव श्री सतपालजी महाराज अपने दिव्य परिवार के साथ सोमवार को आश्रम पहुंचे।
महाराज के आगमन पर मानव उत्थान सेवा समिति, मानव सेवा दल, आध्यात्मिक युवा संगठन, बालसभा, संत–महात्मा एवं बाईजीयों ने उत्तर–पूर्वी क्षेत्र की अध्यक्ष महात्मा दिपीका बाईजी के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया। प्रवेश द्वार से आश्रम तक लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार में खड़े भक्तों ने जयघोष करते हुए मानव ध्वज लहराए। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक झांकियां और नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।

हंस बैंड की मधुर धुन के साथ मानव सेवा दल की विशेष टुकड़ी ने श्री महाराज को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया। इस अवसर पर श्री महाराज ने मानव सेवा दल के ध्वज का भी उद्घाटन किया। उनके साथ गुरुमाता अमृताजी, विभूजी महाराज, सुयशजी महाराज, आराध्याजी, मोहिनाजी, श्री श्रीयांशजी, अयांग्सजी एवं गौरीता माताजी भी उपस्थित हैं।
३१ दिसंबर की सुबह १० बजे से परेड ग्राउंड में पिटी परेड तथा युवा प्रकोष्ठ और बालसभा के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम ६ बजे सद्भावना मंच पर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन होगा, जिसमें सिक्किम सरकार के मुख्यमंत्री पी. एस. गोले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन में श्री सतपालजी महाराज, दिव्य परिवार तथा देश–विदेश से आए आत्मानुभवी संत–महात्मा आध्यात्मिक प्रवचन देंगे। ३१ दिसंबर की मध्यरात्रि महाराज द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हजारों श्रद्धालु नए वर्ष २०२६ का स्वागत करेंगे।

सम्मेलन में सिक्किम, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, खरसांग, मिरिक और तराई–डुआर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। आयोजक समिति ने सभी प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।









