जलभराव से भड़के लोगों ने किया पार्षद के घर का घेराव, चम्पासरी रोड जाम
सिलीगुड़ी: अविरल बारिश के कारण सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर ४६ की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है। सड़कों और रिहायशी इलाकों में भारी जलभराव के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस संकट की घड़ी में वार्ड के पार्षद दिलीप बर्मन क्षेत्र से नदारद हैं। बीते गुरुवार की रात से ही लोग जलभराव की समस्या को लेकर उनके घर के चक्कर काट रहे हैं और उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पार्षद की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।
इसी बात से आक्रोशित स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर शुक्रवार सुबह पार्षद के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चम्पासरी रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में उन्हें इस गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशासन द्वारा जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। इस बार भी स्थिति बेकाबू हो चुकी है और लोग अपने घरों में पानी के बीच फंसे हुए हैं। हालांकि कुछ समय बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा। इस बीच पार्षद से संपर्क नहीं हो पाया है, वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं।









