पारिवारिक विवाद के बाद नक्शे के विपरीत बने ढांचे ध्वस्त
सिलीगुड़ी: पारिवारिक विवाद खुलकर सामने आने के बाद घर में हुए अवैध निर्माण की पोल खुल गई। सिलीगुड़ी नगर निगम ने हाकिमपाड़ा स्थित रासबिहारी सरणी क्षेत्र में बुधवार को कड़ी कार्रवाई करते हुए स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त घर में तीन भाई रहते हैं। दो भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान एक भाई ने दूसरे पर बिना अनुमति के घर निर्माण करने का गंभीर आरोप लगाया था। इस संबंध में सिलीगुड़ी नगर निगम में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने घर निर्माण और स्वीकृत भवन योजना (नक्शे) से जुड़े दस्तावेजों की सूक्ष्म जांच की। जांच के दौरान घर के अगले हिस्से से लेकर पिछले हिस्से तक स्वीकृत नक्शे के नियमों को दरकिनार कर व्यापक रूप से अवैध निर्माण किए जाने का खुलासा हुआ। नियमों के विरुद्ध ढांचा तैयार किए जाने की पुष्टि होने के बाद नगर निगम ने गृहस्वामी को आधिकारिक नोटिस जारी किया था।
बुधवार को पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान स्वीकृत योजना या नक्शे के अनुरूप न बने घर के विभिन्न हिस्सों के अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।





