शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ा शिकंजा
सिलीगुड़ी: सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत सभी ट्रैफिक गार्ड्स ने शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ विशेष ‘एंटी-ड्रंक ड्राइविंग’ अभियान चलाया। इस औचक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकना था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के व्यस्त चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी कर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ के जरिए वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले कई चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई और उनके वाहनों को जब्त किया गया।
सुरक्षा सर्वोपरि
सिलीगुड़ी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि आम जनता के बीच जागरूकता पैदा करना है। जिम्मेदार ड्राइविंग ही सड़क पर हर नागरिक की सुरक्षा की गारंटी है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”
विदित हो कि सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
ट्रैफिक विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और खुद के साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में न डालें।









