सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) ने सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए नए डॉर्मिटरी और प्रतीक्षा लाउंज (वेटिंग लाउंज) की शुरुआत की है। सोमवार सुबह बस स्टैंड की दूसरी मंजिल पर आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने इन सुविधाओं का औपचारिक उद्घाटन किया। आगामी पूजा से पहले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।उद्घाटन की गई सुविधाओं में पुरुष यात्रियों के लिए १४ बेड का डॉर्मिटरी, महिला यात्रियों के लिए ६ बेड का डॉर्मिटरी और एनबीएसटीसी कर्मचारियों के लिए ४ बेड का स्टाफ डॉर्मिटरी शामिल है। यात्री ३०० रुपये के शुल्क पर १२ घंटे के लिए डॉर्मिटरी बुक कर सकते हैं। यह बुकिंग सुविधा बस टर्मिनस पर ही उपलब्ध होगी।इसके अलावा, २९ थ्री-सीटर सोफे वाला एक नया प्रतीक्षा लाउंज भी शुरू किया गया है। लाउंज में यात्रियों के लिए टेलीविजन और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी कई आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। साथ ही एक वीआईपी लाउंज भी खोला गया है, जहां यात्री २० रुपये प्रति घंटे के शुल्क पर बैठ सकते हैं।





