कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास और पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने किया दौरा
सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास और पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी कोर्ट परिसर का दौरा किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने ‘बार एसोसिएशन’ के सदस्यों और वकीलों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
दौरे के दौरान वकीलों ने लंबे समय से लंबित नए कोर्ट भवन के निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। बताया जाता है कि प्रस्तावित भवन का नक्शा तैयार हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते मौजूदा कोर्ट परिसर में वकीलों, लॉ क्लर्कों और आम जनता को रोजाना कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वकीलों द्वारा समस्या उठाए जाने पर कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास ने आश्वासन दिया कि नए कोर्ट भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान इस परियोजना को लंबित रखा गया था।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस दौरे के दौरान मंत्रियों ने कोर्ट परिसर में उपस्थित वकीलों को राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) भी वितरित किया।









