सिनसिनाटी ओपन में नोवाक जोकोविच पहले मैच में ही पराजित

0720d813-5076-4abe-8cdd-a9b3fd80f1a5

सिनसिनाटी: सिनसिनाटी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में भीषण गर्मी और आर्द्रता के शिकार हुए ३९ वर्षीय सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा। पुरुष एकल के मैच में २४ बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच को अर्जेंटीना के थियागो तिरान्ते ने ढाई घंटे में २-६, ६-४, ६-४ से पराजित किया। विंबलडन सेमीफाइनल में यानिक सिनर के खिलाफ पराजित होने के एक महीने से अधिक समय बाद यह जोकोविच का पहला मैच था।
​टूर्नामेंट में २०२३ के चैंपियन जोकोविच ने पहला सेट तो आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे सेट के बाद गर्मी ने उनका खेल बिगाड़ दिया। दूसरे सेट के दौरान १५ मिनट तक चले गेम में संघर्ष करने के बाद जोकोविच कोर्ट पर बैठ गए और उन्हें मेडिकल टाइम आउट के साथ-साथ डॉक्टर और फिजियो की सहायता भी लेनी पड़ी। ब्रेक के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने लॉकर रूम में जाकर आराम किया। तीसरे तथा निर्णायक सेट में जोकोविच ने वापसी की कोशिश की, लेकिन नौवें गेम और फिर मैच पॉइंट पर ड्रॉप शॉट चूकने पर तिरान्ते ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की।
​मैच के बाद जोकोविच ने स्वीकार किया कि गर्मी और आर्द्रता ने खेल पर असर डाला तथा यह सिनसिनाटी में उनका अंतिम मैच हो सकता है। अब वे ३० अगस्त से शुरू होने वाले ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन की तैयारी में जुटेंगे।
​पुरुष एकल वर्ग के अन्य मैचों में सातवीं वरीयता प्राप्त तथा फ्रेंच ओपन उपविजेता फ्लेवियो कोबोली ने मियोमिर केत्मानोविच को ६-१, ४-६, ६-३ से पराजित किया। वहीं मार्टिन लांडालुस ने मातेओ अर्नाल्डी के खिलाफ ६-४, ४-६, ६-४ से जीत हासिल की और तीसरे राउंड में उनका सामना जोकोविच को हराने वाले तिरान्ते से होगा।
​महिला एकल वर्ग में फिलीपींस की एलेक्जेंड्रा इयाला ने तीसरे राउंड में जगह बनाई। इयाला जब मैच में ६-१, ३-० से आगे थीं, तब तूफान के कारण ९० मिनट तक खेल रुका रहा और इस दौरान उनकी प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी एलेना-गेब्रिएला रुसे (रोमानिया) ने चोट के कारण मैच छोड़ने का फैसला किया। इसी महीने वाशिंगटन में अपने करियर का पहला डब्ल्यूटीए खिताब जीतने वाली इयाला अगले राउंड में नौवीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा अनिसिमोवा के खिलाफ खेलेंगी, जिन्होंने तुर्की की जेनेप सोनमेज को ६-२, ६-३ से पराजित किया।

About Author

Advertisement