पटना: सिक्किम और देश के न्यायिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। सिक्किम उच्च न्यायालय की वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय ने शुक्रवार को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। वह सिक्किम राज्य से किसी उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश बनने वाली पहली न्यायाधीश हैं। इस प्रतिष्ठित पद की शपथ बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने दिलाई। इससे पहले, केंद्र सरकार ने बीती २ जून को न्यायमूर्ति राय की इस नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी की थी।
इस ऐतिहासिक नियुक्ति के साथ ही न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। वह पटना उच्च न्यायालय के इतिहास में इस शीर्ष पद पर आसीन होने वाली पहली महिला मुख्य न्यायाधीश भी बन गई हैं। इससे पहले सिक्किम उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में अपनी बेहतरीन और निष्पक्ष सेवाएं दे चुकीं न्यायमूर्ति राय की इस नई उपलब्धि से पूरे सिक्किम और विधिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।









