नई दिल्ली: फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में स्पेन के खिलाफ मिली हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद बेल्जियम राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच रूडी गार्सिया ने अपना पद छोड़ने की घोषणा कर दी है। बेल्जियम फुटबॉल संघ (आरबीएफए) ने जानकारी दी है कि उनके अनुबंध का विस्तार नहीं किया जाएगा। गार्सिया का संघ के साथ अनुबंध २१ जुलाई को समाप्त हो चुका है। क्वार्टर फाइनल के कड़े मुकाबले में बेल्जियम को स्पेन के हाथों १-२ से हार का सामना करना पड़ा था।
६२ वर्षीय फ्रांसीसी कोच गार्सिया ने २०२५ की शुरुआत में बेल्जियम टीम की कमान संभाली थी। उनके मार्गदर्शन में टीम ने फीफा विश्व कप २०२६ में क्वार्टर फाइनल तक का शानदार सफर तय किया। इस विश्व कप में स्पेन के खिलाफ गोल करने वाली बेल्जियम एकमात्र टीम भी बनी। बेल्जियम फुटबॉल संघ द्वारा जारी बयान में बताया गया कि गार्सिया ने पिछले १६ महीनों के अपने सफल कार्यकाल को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है।
अपने फैसले के बारे में बात करते हुए गार्सिया ने कहा कि बेल्जियम को नेशंस लीग के ‘ए’ डिवीजन में बरकरार रखने और विश्व की शीर्ष ८ टीमों में स्थान दिलाने में सफल रहने पर उन्हें बेहद गर्व है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों, खेल निदेशक विंसेंट मानार्ट और पूरे विश्व कप के दौरान समर्थन देने वाले प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें नई पीढ़ी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का अवसर मिला और वे अपने इस कार्यकाल से बेहद खुश और संतुष्ट हैं।
उल्लेखनीय है कि गार्सिया के मार्गदर्शन में बेल्जियम ने कुल २० अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनमें से १२ मैचों में जीत हासिल की और ६ मैच ड्रॉ रहे। टीम को केवल २ मैचों में हार का सामना करना पड़ा। बेल्जियम टीम की जिम्मेदारी संभालने से पहले गार्सिया लिल, मार्से, लियोन और एएस रोमा जैसे यूरोपीय फुटबॉल के दिग्गज क्लबों में मुख्य कोच के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।











