नई दिल्ली: देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में आतंकवादी हमले के बाद आखिरकार २९ नवंबर, २००८ को एनएसजी कमांडो दस्ते ने ताज होटल को आतंकियों के कब्जे से मुक्त कराया। आतंकियों ने २६ नवंबर, २००८ की रात को महानगर में कई जगह हमले किये और कई विदेशियों सहित बहुत से लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान १५० से ज्यादा लोग मारे गये थे। तीन दिन तक जैसे पूरे देश में आतंक का अंधेरा छाया रहा और देश के कई जांबाज सपूतों ने अपनी जान पर खेलकर इस अंधेरे का खात्मा किया। सेना, मरीन कमांडो और एनएसजी कमांडो की कोशिशों से हमलावर आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया और एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ लिया गया, जिसे बाद में फांसी की सजा दी गई।
देश-दुनिया के इतिहास में २९ नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है~
१५१६: फ़्रांस (राजा फ़्रांसिस प्रथम के नेतृत्व में) और स्विस परिसंघ (तेरह कैंटन) के बीच फ़्राइबर्ग में फ़्राइबर्ग की संधि (जिसे “शाश्वत शांति” भी कहा जाता है) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते ने फ़्रांस और स्विस कैंटन के बीच संघर्ष समाप्त कर लंबे समय तक शांति और सहयोग की नींव रखी। वर्ष २०२५ में इसे यूनेस्को के अंतर्राष्ट्रीय विश्व स्मृति रजिस्टर में शामिल किया गया।
१६१२: गुजरात के सूरत शहर के पास स्थित स्वाली गांव के तट पर स्वाली (सुवाली) की नौसैनिक लड़ाई हुई थी। इस युद्ध में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने पुर्तगालियों को हराया था। ईस्ट इंडिया कंपनी के चार जहाजों का नेतृत्व कैप्टेन थॉमस बेस्ट कर रहे थे, जिनके सामने चार पुर्तगाली गैलियन जहाज और कई छोटी नावें थीं। पुर्तगाली क्षेत्र में अपना व्यापारिक एकाधिकार बनाए रखना चाहते थे और अंग्रेजों की व्यापारिक गतिविधियों का विरोध कर रहे थे। इस जीत से भारत में पुर्तगाली नौसैनिक वर्चस्व को चुनौती मिली। मुगल सम्राट जहांगीर इससे प्रभावित हुए और १६१३ की शुरुआत में अंग्रेजों को सूरत में व्यापारिक कारखाना स्थापित करने की अनुमति मिली।
१७५९: मुगल बादशाह आलमगीर द्वितीय (अज़ीज़-उद्दीन) की दिल्ली में उनके वज़ीर इमाद-उल-मुल्क की साजिश के तहत हत्या कर दी गई थी। उन्होंने जून १७५४ से नवंबर १७५९ तक मुगल बादशाह के रूप में शासन किया। वह जहांदार शाह के पुत्र थे। वज़ीर इमाद-उल-मुल्क के साथ बढ़ते मतभेदों, शाही संसाधनों पर वज़ीर के नियंत्रण और राजनीतिक खींचतान के चलते यह घटना हुई।
१७७५: अमेरिकी चिकित्सक और रसायनज्ञ सर जेम्स जे ने एक विशेष प्रकार की अदृश्य स्याही का आविष्कार किया था। सर जेम्स जे पेशे से एक डॉक्टर थे और अमेरिका के संस्थापक जनकों में से एक और पहले मुख्य न्यायाधीश जॉन जे के बड़े भाई थे। यह कोई साधारण अदृश्य स्याही नहीं थी जो आग या गर्मी से दिखने लगे। उन्होंने दो विशेष रसायनों का एक ऐसा मिश्रण तैयार किया था, जिसमें पहले तरल से लिखा गया संदेश सूखने पर पूरी तरह गायब हो जाता था और उसे पढ़ने के लिए एक विशेष रासायनिक प्रतिकारक लगाना पड़ता था।
१७८२: ब्रिटेन ने अमेरिकी स्वतंत्रता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तेरह अमेरिकी उपनिवेशों की संप्रभुता को मान्यता देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। १७८१ में यॉर्कटाउन की निर्णायक जीत के बाद ब्रिटिश सेना की स्थिति कमजोर हो गई थी और शांति वार्ता की शुरुआत हुई। १७८२ के अंत में प्रारंभिक शांति समझौतों के माध्यम से अमेरिकी स्वतंत्रता पर सहमति बनी, जिसकी औपचारिक पुष्टि १७८३ की पेरिस की संधि में हुई। इसके साथ ही अमेरिका एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ।
१८३०: पोलैंड के वारसॉ में रूसी साम्राज्य के शासन के खिलाफ नवंबर विद्रोह की शुरुआत हुई, जिसे ‘कैडेट क्रांति’ या ‘१८३०–३१ का पोलिश-रूसी युद्ध’ भी कहा जाता है।
१८७०: ब्रिटेन (इंग्लैंड और वेल्स) में आधुनिक सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था की नींव रखने वाला ‘प्राथमिक शिक्षा अधिनियम १८७०’ लागू हुआ। इसे इसके निर्माता विलियम फोर्स्टर के नाम पर ‘फोर्स्टर एक्ट’ भी कहा जाता है।
१८७७: अमेरिका के थॉमस अल्वा एडिसन ने फोनोग्राफ के शुरुआती प्रोटोटाइप का परीक्षण और प्रदर्शन किया, जो ध्वनि को रिकॉर्ड करने और दोबारा बजाने वाला पहला उपकरण बना। एडिसन ने टिनफ़ॉइल से लिपटे सिलेंडर पर स्टाइलस की मदद से “मैरी हैड अ लिटिल लैम्ब” रिकॉर्ड कर उसे दोबारा सुनाया। इसके बाद दिसंबर १८७७ में ‘साइंटिफिक अमेरिकन’ में इसका प्रदर्शन व घोषणा हुई, और १८७८ में एडिसन को इसका पेटेंट मिला।
१८८९: लालबाग बॉटनिकल गार्डन में ‘ग्लास हाउस’ की आधारशिला रखी गई थी। यह ऐतिहासिक ढांचा लंदन के प्रसिद्ध ‘क्रिस्टल पैलेस’ से प्रेरित होकर बनाया गया था। इसे प्रिंस अल्बर्ट विक्टर की यात्रा के सम्मान में बनाया गया था और शुरुआत में इसे ‘अल्बर्ट विक्टर कंजर्वेटरी’ नाम दिया गया था। इसका निर्माण १८९० में पूरा हुआ।
१८९९: स्पेन के बार्सिलोना शहर में FC बार्सिलोना की स्थापना हुई थी। स्विट्जरलैंड के जोन गैम्पर (हैंस गैम्पर) के नेतृत्व में स्थानीय और विदेशी खिलाड़ियों के एक समूह ने इसकी नींव रखी।
१९१६: संयुक्त राज्य अमेरिका (अमेरिकी नौसेना के कैप्टन हैरी शेपर्ड नैप) ने डोमिनिकन रिपब्लिक में मार्शल लॉ (सैन्य शासन) लागू करने की आधिकारिक घोषणा की थी। डोमिनिकन रिपब्लिक में उस समय भारी राजनीतिक अस्थिरता, गृहयुद्ध और विदेशी कर्ज का संकट चल रहा था। अमेरिका को डर था कि यूरोपीय शक्तियां (विशेषकर जर्मनी, प्रथम विश्व युद्ध के दौरान) इस अस्थिरता का फायदा उठाकर कैरेबियाई क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ा सकती हैं।
१९२९: अमेरिकी अन्वेषक रिचर्ड ई. बर्ड और उनके दल ने पहली बार दक्षिणी ध्रुव के ऊपर से हवाई उड़ान भरी। बर्ड के साथ पायलट बर्न्ट बाल्चेन और दो अन्य सहयोगी शामिल थे। दल ने २८ नवंबर १९२९ को अंटार्कटिका के ‘लिटिल अमेरिका’ शिविर से ‘फ्लॉयड बेनेट’ (फोर्ड एटी-५ ट्रिमोटर) विमान में उड़ान भरी। इस दिन तड़के लगभग १ बजे विमान दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा और सुरक्षित रूप से आधार शिविर लौट आया। इसके बाद बर्ड को नौसेना में पदोन्नति और रियर एडमिरल की उपाधि मिली।
१९४४: अल्बानिया को नाजी जर्मनी के कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया गया था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अप्रैल १९३९ में पहले फासीवादी इटली ने अल्बानिया पर हमला किया और बाद में सितंबर १९४३ में इटली के आत्मसमर्पण के बाद नाजी जर्मन सेना ने देश पर नियंत्रण कर लिया। अल्बानिया की राष्ट्रीय मुक्ति सेना के गुरिल्ला लड़ाकों ने एन्वर होक्सा के नेतृत्व में जर्मन सेना के खिलाफ कड़ा प्रतिरोध किया। १७ नवंबर १९४४ को राजधानी तिराना को आजाद कराने के बाद, २९ नवंबर १९४४ को उत्तरी शहर शकोदरा से अंतिम जर्मन सैनिकों के पीछे हटने के साथ ही पूरा देश मुक्त हो गया।
१९४५: यूगोस्लाविया को आधिकारिक तौर पर ‘संघीय जनवादी गणराज्य यूगोस्लाविया’ घोषित किया गया था। यूगोस्लाविया की संविधान सभा ने राजा पीटर द्वितीय को औपचारिक रूप से पदच्युत कर दिया और देश में राजतंत्र को समाप्त कर दिया। जोसिप ब्रोज़ टीटो के नेतृत्व में कम्युनिस्ट पार्टी ने सत्ता संभाली और वे इस नए गणराज्य के प्रमुख नेता बने।
१९४७: हैदराबाद के निज़ाम मीर उस्मान अली ख़ान ने भारतीय उपमहाद्वीप के विभाजन के बाद भारत में विलय होने के बजाय स्वतंत्र अस्तित्व बनाए रखने का रुख अपनाया था। भारत सरकार के साथ गतिरोध और वार्ता के बाद, सितंबर १९४८ में ‘ऑपरेशन पोलो’ (पुलिस कार्रवाई) के माध्यम से हैदराबाद का भारतीय संघ में विलय हुआ।
१९४७: संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव १८१ पारित किया, जिसके तहत ब्रिटिश शासित फ़िलिस्तीन को एक स्वतंत्र यहूदी राज्य और एक स्वतंत्र अरब राज्य में विभाजित करने की योजना बनाई गई थी, जबकि येरुशलम को अंतरराष्ट्रीय प्रशासन में रखने का प्रस्ताव था। यहूदी नेतृत्व ने इस विभाजन योजना को स्वीकार किया, जबकि अरब प्रतिनिधियों और अरब देशों ने इसे अस्वीकार कर दिया। प्रस्तावित स्वतंत्र अरब फ़िलिस्तीन राज्य उस रूप में अस्तित्व में नहीं आ सका, और क्षेत्र में संघर्ष व १९४८ के घटनाक्रमों के बाद जमीनी स्थिति प्रस्ताव के अनुसार लागू नहीं हो पाई।
१९४९: तत्कालीन पूर्वी जर्मनी (सोवियत कब्जे वाले क्षेत्र) के सैक्सनी राज्य स्थित जोहानजॉर्गेनस्टाड की यूरेनियम खदान में भीषण विस्फोट से २,००० से ३,७०० लोगों की मौत हुई।
१९६१: दुनिया के पहले अंतरिक्ष यात्री रूस के यूरी गगारिन भारत की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने १२ अप्रैल १९६१ को ‘वोस्तोक १’ अंतरिक्ष यान से पृथ्वी की कक्षा में उड़ान भरकर इतिहास रचा था।
१९६३: ट्रांस-कनाडा एयर लाइन्स की फ्लाइट ८३१ मॉन्ट्रियल से उड़ान भरने के लगभग पांच मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें विमान में सवार सभी ११८ (१११ यात्रियों और ७ चालक दल) लोगों की मौत हो गई थी। यह विमान (डगलस डीसी-८-५४सीएफ) कनाडा के मॉन्ट्रियल-डोरवाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से टोरंटो जा रहा था।
१९६६: बारबाडोस ने ब्रिटेन से पूर्ण स्वतंत्रता हासिल की थी। इस दिन की मध्यरात्रि ब्रिजटाउन के गैरिसन सवाना में ब्रिटिश ध्वज ‘यूनियन जैक’ को उतारकर पहली बार बारबाडोस का नया राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
१९७०: हरियाणा सौ फीसदी ग्रामीण विद्युतीकरण (१००% ग्रामीण विद्युतीकरण) का लक्ष्य हासिल करने वाला भारत का पहला राज्य बना। १९६८ में बंसीलाल के मुख्यमंत्री बनने के समय हरियाणा के कुल ६,६६९ गांवों में से केवल लगभग १,२०० से १,४०० गांवों तक ही बिजली पहुंची थी।
१९७२: अटारी कंपनी ने पोंग जारी किया, जो पहला व्यावसायिक रूप से सफल आर्केड वीडियो गेम बना। अटारी के सह-संस्थापक नोलन बुशनेल और टेड डैबनी के मार्गदर्शन में इंजीनियर एलन एल्कोर्न ने इसे तैयार किया। यह एक सरल टेबल टेनिस (पिंग-पोंग) खेल है, जिसमें दो खिलाड़ी स्क्रीन पर पैडल से गेंद को एक-दूसरे की ओर मारते हैं।
१९७५: ब्रिटेन के दिग्गज मोटर रेसिंग ड्राइवर ग्राहम हिल की ४६ वर्ष की आयु में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। ग्राहम हिल स्वयं अपना दो-इंजन वाला हल्का विमान (पाइपर पीए-२३ एज़्टेक) उड़ा रहे थे। लंदन के उत्तर में स्थित एल्स्ट्री एयरफील्ड पर उतरने की कोशिश के दौरान, विमान घने कोहरे के कारण रास्ता भटक गया। यह आर्कले गोल्फ कोर्स के पेड़ों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हिल और उनकी टीम फ्रांस के पॉल रिकार्ड सर्किट में अपनी नई रेसिंग कार (हिलजीएच२) का परीक्षण सत्र पूरा करके इंग्लैंड लौट रहे थे।
१९८७: बगदाद से सियोल जा रही कोरियन एयर फ्लाइट ८५८ में अंडमान सागर (थाईलैंड-म्यांमार सीमा के पास) के ऊपर हवा में हुए एक आतंकी बम विस्फोट में सभी ११५ लोगों की मौत हो गई थी। इस विमान में १०४ यात्री और ११ चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से अधिकांश दक्षिण कोरियाई नागरिक थे।
१९८९: तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जब १९८९ के आम चुनावों में कांग्रेस पार्टी ४०४ सीटों से घटकर १९३ सीटों पर आ गई थी। राजीव गांधी ने राष्ट्रपति रामास्वामी वेंकटरमण को अपना इस्तीफा सौंपा और नई सरकार बनने तक कार्यवाहक सरकार का नेतृत्व करने का अनुरोध किया, साथ ही विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने की इच्छा जताई।
१९९३: ब्रितानी संसद के ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में प्रधानमंत्री जॉन मेजर के नेतृत्व वाली कंजरवेटिव पार्टी की सरकार को उत्तरी आयरलैंड के चरमपंथी गुट आइरिश् रिपब्लिकन आर्मी के साथ गुप्त संपर्कों के खुलासे पर तीखी आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ा।
१९९३: १९९२ में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित भारत के प्रमुख उद्योगपति और नागरिक उड्डयन के जनक जहांगीर रतनजी दादाभाई टाटा (जे. आर. डी. टाटा) का ८९ वर्ष की आयु में जिनेवा में निधन हुआ था। १९३८ से १९९१ तक टाटा संस और टाटा समूह के अध्यक्ष रहे। १९२९ में भारत का पहला पायलट लाइसेंस प्राप्त किया और १९३२ में टाटा एयरलाइंस की स्थापना की, जो आगे चलकर एयर इंडिया बनी।
१९९८: कर्नल कुरु बातासयाल के नेतृत्व में भारतीय सैन्य दस्ते ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के तहत नॉर्वे के दस्ते का स्थान लिया था। भारतीय सेना की पहली इन्फैंट्री बटालियन को नवंबर १९९८ में दक्षिणी लेबनान के बेहद संवेदनशील और दुर्गम ‘अर्कौब’ क्षेत्र में तैनात किया गया था।
१९९९: महाराष्ट्र के पुणे जिले के नारायणगांव (खोदद) के पास वृहत मीटरवेव रेडियो टेलीस्कोप की शुरुआत हुई। यह कम आवृत्तियों पर काम करने वाली दुनिया की प्रमुख और सबसे संवेदनशील रेडियो दूरबीन सारणियों में से एक है।
२००१: को जर्मनी के बॉन शहर के पास चल रहे संयुक्त राष्ट्र प्रायोजित सम्मेलन में प्रमुख अफ़ग़ान गुट तालिबान के पतन के बाद देश के शासन के लिए एक अंतरिम परिषद बनाने पर सहमत हुए थे। इस वार्ता में मुख्य रूप से चार अफ़ग़ान समूह शामिल थे- नॉर्दर्न अलायंस, पूर्व राजा मोहम्मद ज़ाहिर शाह का समर्थक गुट (रोम समूह), पेशावर समूह और साइप्रस समूह। २९ नवंबर को इन गुटों ने सत्ता साझा करने और एक सर्वोच्च अंतरिम परिषद के गठन पर सहमति जताई।
२००४: आसियान देशों ने चीन के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया। यह कदम आसियान-चीन मुक्त व्यापार क्षेत्र की दिशा में एक अहम पड़ाव था।
२००४: बांग्लादेश की संसद (जातीय संसद) ने महिलाओं के लिए ४५ सीटों (न कि ४५ प्रतिशत) के आरक्षण से जुड़ा चुनाव विधेयक पारित किया था। यह कानून ‘जातीय संसद (आरक्षित महिला सीटें) चुनाव अधिनियम, २००४’ के नाम से जाना जाता है।
२००५: तक बाबूलाल गौर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और उसी दिन शिवराज सिंह चौहान ने पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बाबूलाल गौर २३ अगस्त २००४ से २९ नवंबर २००५ तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। शिवराज सिंह चौहान २९ नवंबर २००५ को वे बाबूलाल गौर के स्थान पर पहली बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
२००६: पाकिस्तान ने मध्यम दूरी वाले शाहीन-१ (हत्फ-४) मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। यह एक बैलिस्टिक मिसाइल प्रणाली है।
२००७: परवेज मुशर्रफ़ ने एक आम नागरिक (असैनिक राष्ट्रपति) के रूप में अगले पाँच वर्षों के कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद की शपथ ली। मुशर्रफ़ के पद छोड़ने के बाद, जनरल अशरफ परवेज कियानी ने उसी दिन औपचारिक रूप से पाकिस्तानी सेना के १४वें प्रमुख की कमान संभाली।
२००८: ६० घंटे चले ‘ऑपरेशन ब्लैक टॉरनेडो’ के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के कमांडो ने ताज महल पैलेस होटल को आतंकवादियों से मुक्त कराकर मुंबई के आतंकी संकट को समाप्त किया।
२००८: चीन के निंगबो शहर में आयोजित ५वीं एआईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में मैरी कॉम ने अपना लगातार चौथा स्वर्ण पदक जीता था। २००७ में अपने जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद मैरी कॉम ने रिंग में वापसी की थी। इसी शानदार प्रदर्शन के बाद एआईबीए ने उन्हें ‘मैग्नीफिशेंट मैरी’ की उपाधि दी थी।
२०१२: संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव ६७/१९ पारित कर फ़िलिस्तीन को गैर-सदस्य पर्यवेक्षक राज्य का दर्जा दिया। प्रस्ताव के पक्ष में १३८ और विपक्ष में ९ मत पड़े (कनाडा, चेक गणराज्य, माइक्रोनेशिया, इज़राइल, मार्शल द्वीप समूह, नाउरू, पनामा, पलाउ और अमेरिका), जबकि ४१ देश अनुपस्थित रहे। इस निर्णय ने फ़िलिस्तीन के पहले के “स्थायी पर्यवेक्षक” दर्जे को उन्नत किया और आधिकारिक संयुक्त राष्ट्र दस्तावेजों में “फ़िलिस्तीन राज्य” नाम के उपयोग का मार्ग प्रशस्त किया।
२०१८: संयुक्त राष्ट्र की सांस्कृतिक संस्था यूनेस्को ने जमैका के प्रसिद्ध ‘रेगे’ संगीत को वैश्विक सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया।
२०१८: सलोमे ज़ुराबिश्विली को जॉर्जिया का राष्ट्रपति चुना गया था। वे जॉर्जिया के इतिहास में इस सर्वोच्च पद पर पहुँचने वाली देश की पहली महिला बनीं। (इसके साथ ही वे बाल्टिक देशों को छोड़कर किसी भी पूर्व सोवियत गणराज्य की पहली महिला राष्ट्रपति भी बनीं।)
२०१८: अमेरिकी सीरियल किलर सैमुअल ने १९७० से २००५ के बीच देश भर में ९० महिलाओं की हत्या करने का सनसनीखेज कबूलनामा किया।
२०१८: कच्चातिवु के पास मछली पकड़ रहे रामेश्वरम (तमिलनाडु) के मछुआरों की एक नाव कथित तौर पर श्रीलंकाई नौसेना की कार्रवाई में डूब गई और चार मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
२०१९: इराक के नासिरिया, बगदाद और नजफ सहित कई शहरों में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाबलों की गोलीबारी में २० से अधिक प्रदर्शनकारियों की मौत हुई थी। इराक में १ अक्टूबर २०१९ से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, खराब सार्वजनिक सेवाओं और देश में विदेशी हस्तक्षेप (विशेषकर ईरान के प्रभाव) के विरोध में व्यापक प्रदर्शन चल रहे थे। २७ नवंबर को नजफ में प्रदर्शनकारियों द्वारा ईरानी वाणिज्य दूतावास में आग लगाए जाने के बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई और तेज कर दी थी।
२०१९: ब्रिटेन में लंदन के लंदन ब्रिज और उसके पास स्थित फिशमोंगर्स हॉल में एक आतंकी चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए। हमलावर २८ वर्षीय उस्मान खान को नागरिकों ने काबू करने की कोशिश की और बाद में सशस्त्र पुलिस ने उसे गोली मार दी।
२०१९: श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा के तहत भारत का दौरा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हुई इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर चर्चा हुई।
२०२०: अमेरिका के तत्कालीन नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में पहली बार व्हाइट हाउस की ७ सदस्यीय वरिष्ठ कम्युनिकेशन टीम में सभी महिलाओं की नियुक्ति की घोषणा की थी। अमेरिकी इतिहास में यह पहली बार था जब व्हाइट हाउस के वरिष्ठ संचार पद पूरी तरह महिलाओं द्वारा भरे गए।
२०२०: अफगानिस्तान के पूर्वी गजनी शहर के बाहरी इलाके (कला-ए-जावज़ क्षेत्र) में एक सैन्य अड्डे पर हुए आत्मघाती कार बम धमाके में कम से कम ३० से ३१ सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी और २४ लोग घायल हुए थे। इसी दिन दक्षिणी ज़ाबुल प्रांत में भी एक अलग कार बम विस्फोट हुआ, जिसमें ३ लोगों की मौत हुई और २० से अधिक लोग घायल हुए।
२०२१: सह-संस्थापक जैक डोर्सी के इस्तीफे के बाद भारतीय-अमेरिकी पराग अग्रवाल ट्विटर के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने।
२०२१: भारत की संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में कृषि कानून निरसन विधेयक, २०२१ पारित किया गया, जिससे सितंबर २०२० में लाए गए तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की संसदीय प्रक्रिया पूरी हुई।
२०२२: ईरान में हिजाब विवाद को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के एयरोस्पेस डिवीजन के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल अमीर अली हाजीज़ादेह ने पहली बार स्वीकार किया कि महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद शुरू हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान ३०० से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
२०२२: जनरल आसिम मुनीर ने पाकिस्तान के नए सेना प्रमुख (आर्मी चीफ) के रूप में पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने जनरल कमर जावेद बाजवा की जगह ली थी।
२०२३: जापान की अंतरिक्ष एजेंसी जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के इंट्रानेट को नियंत्रित करने वाले सेंट्रल सर्वर पर संभावित साइबर हमले की पुष्टि की गई। एजेंसी के प्रवक्ता के अनुसार, इस घटना में रॉकेट और उपग्रह संचालन से जुड़ी कोई भी संवेदनशील या महत्वपूर्ण जानकारी हैकर्स के हाथ नहीं लगी।
२०२३: राजस्थान के भिवाड़ी (अलवर) की रहने वाली अंजू करीब पांच से छह महीने बाद पाकिस्तान से वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत वापस लौट आई थीं। अंजू फेसबुक मित्र नसरुल्लाह से मिलने खैबर पख्तूनख्वा गई थीं, जहाँ उन्होंने धर्म परिवर्तन कर नसरुल्लाह से शादी की थी और उनका नाम फातिमा रखा गया था।
२०२३: केंद्रीय खान मंत्रालय ने भारत में पहली बार महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के ब्लॉकों की ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की।
२०२४: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी २०२५ के आयोजन को लेकर हुई बोर्ड बैठक बिना किसी अंतिम फैसले के समाप्त हो गई थी, क्योंकि भारतीय टीम के पाकिस्तान न जाने के रुख और प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल पर सहमति नहीं बन पाई थी।
२०२४: बांग्लादेश की वित्तीय खुफिया इकाई ने गिरफ्तार हिंदू संत और इस्कॉन के पूर्व सदस्य चिन्मय कृष्ण दास समेत १७ लोगों के बैंक खातों से लेन-देन पर ३० दिनों के लिए रोक लगा दी थी।
२०२४: सीरिया के गृहयुद्ध में हयात तहरीर अल-शम के नेतृत्व वाले विद्रोही गुटों ने बड़ा हमला करते हुए अलेप्पो के बाहरी और कई शहरी इलाकों में प्रवेश कर लिया, जिसके बाद शहर के बड़े हिस्से पर उनका नियंत्रण हो गया।
२०२४: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की ‘शिवशाही’ बस के पलटने से शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार ९ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
२०२५: नेपाल के नए १०० रुपये के नोट से जुड़ा यह विवाद २९ नवंबर २०२५ की तारीख को प्रमुखता से चर्चा में आया। इस नए नोट पर छपे नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा क्षेत्रों को दिखाया गया है, जिन्हें भारत उत्तराखंड का हिस्सा मानता है जबकि नेपाल उन पर अपना दावा करता है।
२०२५: चक्रवात दितवाह के कारण इस दिन को श्रीलंका में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक तबाही हुई, जिसके बाद वहां राष्ट्रव्यापी आपातकाल घोषित किया गया और अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की गई। यह प्रणाली २८ नवंबर २०२५ की सुबह श्रीलंका के पूर्वी तट से टकराई थी और अगले दिनों तक देश के सभी २५ जिलों में असर डालती रही।
२९ नवंबर को जन्मे प्रसिद्ध व्यक्ति~
१८०३: क्रिश्चियन डॉप्लर – ऑस्ट्रियाई भौतिक विज्ञानी, जिन्होंने ‘डॉप्लर प्रभाव’ की खोज की।
१८३२: लुइसा मे एल्कॉट – प्रसिद्ध अमेरिकी उपन्यासकार, ‘लिटल वुमन’ की लेखिका।
१८६९: ठक्कर बाप्पा (अमृतलाल विठ्ठलदास ठक्कर) – भारत के प्रमुख समाजसेवी और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने आदिवासी, दलित और वंचित समुदायों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
१८९८: सी. एस. लुईस – प्रसिद्ध ब्रिटिश लेखक, ‘द क्रॉनिकल्स ऑफ नार्निया’ के रचयिता।
१९१३: अली सरदार जाफ़री – ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित उर्दू शायर और लेखक।
१९३२: जैक्स शिराक – फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति।
१९३५: कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया – परमवीर चक्र से सम्मानित भारतीय सैन्य अधिकारी।
१९६३: ललित मोदी – एक व्यवसायी और पूर्व क्रिकेट प्रशासक हैं, जिन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक और पहले चेयरमैन के रूप में जाना जाता है।
१९६४: डॉन चीडल – प्रसिद्ध हॉलीवुड अभिनेता और निर्माता।
१९७६: चैडविक बोसमैन – हॉलीवुड अभिनेता, जिन्हें ‘ब्लैक पैंथर’ के किरदार के लिए जाना जाता है।
१९७७: यूनुस खान – पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान।
१९७८: शेखर रवजियानी – प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार, गायक और अभिनेता हैं। वे विशाल ददलानी के साथ लोकप्रिय संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर के सदस्य हैं।
१९८२: दिव्या स्पंदना (रम्या) – एक भारतीय अभिनेत्री, फिल्म निर्माता और पूर्व लोकसभा सांसद।
१९८४: नेहा पेंडसे – भारतीय फिल्म और टेलीविजन अभिनेत्री तथा निर्माता। उन्होंने हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड फिल्मों के साथ-साथ कई टेलीविजन शो में काम किया है।
१९८७: गुरबानी जज (बानी जे या वीजे बानी के नाम से भी जाना जाता है) – भारतीय अभिनेत्री, फिटनेस मॉडल और पूर्व एमटीभी इंडिया प्रस्तोता हैं।
१९८९: चित्राशी रावत – भारतीय अभिनेत्री, जिन्हें ‘चक दे! इंडिया’ फिल्म के लिए जाना जाता है।
२९ नवंबर को हुए प्रमुख निधन~
१७५९: आलमगीर द्वितीय – १६वाँ मुग़ल बादशाह था, जिसने १७५४ से १७५९ ई. तक राज्य किया।
१७८०: मारिया थेरेसा – हैब्सबर्ग साम्राज्य की एकमात्र महिला शासक और पवित्र रोमन साम्राज्ञी।
१९२४: जियाकोमो पुचिनी – एक महान इतालवी ओपेरा संगीतकार। ज्यूसेप्पे वेर्दी के बाद उन्हें इतालवी ओपेरा का सबसे महान और सफल संगीतकार माना जाता है।
१९७५: ग्राहम हिल – दो बार के फॉर्मूला-१ विश्व चैंपियन और मोटरस्पोर्ट्स के ‘ट्रिपल क्राउन’ विजेता।
१९८६: कैरी ग्रांट – हॉलीवुड के स्वर्ण युग के सबसे प्रतिष्ठित, आकर्षक और सफल अभिनेताओं में से एक।
१९९३: जे. आर. डी. टाटा – आधुनिक भारत की बुनियाद रखने वाली औद्योगिक हस्तियों में जे. आर. डी. टाटा का नाम सर्वोपरि है। १९२९ में भारत का पहला पायलट लाइसेंस प्राप्त किया और १९३२ में टाटा एयरलाइंस की स्थापना की, जो आगे चलकर एयर इंडिया बनी। १९९२ में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
२००१: जॉर्ज हैरिसन – विश्व प्रसिद्ध ब्रिटिश रॉक बैंड ‘द बीटल्स’ के लीड गिटारिस्ट और एक महान संगीतकार थे। बैंड में उनके योगदान और भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रति उनके गहरे लगाव ने उन्हें पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई।
२००२: ओंकारनाथ श्रीवास्तव – कवि एवं समाचार प्रसारक।
२००८: जोर्न उत्ज़ोन – ऑस्ट्रेलिया के विश्व प्रसिद्ध ‘सिडनी ओपेरा हाउस’ का डिजाइन तैयार करने वाले डेनिश वास्तुकार।
२००८: छबीलदास मेहता – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ तथा गुजरात के नौंवे मुख्यमंत्री थे।
२०१०: इंदिरा गोस्वामी – ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध असमिया लेखिका और कवयित्री।
२०१५: ओटो न्यूमैन – अमेरिकी समाजशास्त्री और शिक्षाविद्।
२०२३: हेनरी किसिंजर – अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री, राजनयिक और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता।
२९ नवंबर के दुनिया और भारत के प्रमुख दिवस और उत्सव~
फ़िलिस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता का अंतर्राष्ट्रीय दिवस: संयुक्त राष्ट्र द्वारा फ़िलिस्तीनी लोगों के अधिकारों और मुद्दे के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए हर वर्ष २९ नवंबर को मनाया जाता है।
अंतर्राष्ट्रीय जगुआर दिवस: जगुआर के संरक्षण और जैव विविधता में इसके महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस २९ नवंबर को मनाया जाता है।
अल्बानिया मुक्ति दिवस: द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान २९ नवंबर १९४४ को नाज़ी जर्मनी से अल्बानिया की मुक्ति की याद में मनाया जाता है।





