वनडे विश्व कप २०२७ के लिए सीधे क्वालीफाई किया अफगानिस्तान ने

IMG-20260811-WA0068

बेलफास्ट: अफगानिस्तान की टीम ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए २०२७ वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। सोमवार को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए रोमांचक मैच में अफगानिस्तान ने मेजबान आयरलैंड को ३ विकेट से पराजित किया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने ५ वनडे मैचों की सीरीज में २-० की अजेय बढ़त भी हासिल कर ली।
​मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ४६.३ ओवर में २०६ रन बनाकर ऑलआउट हो गया। इसके बाद अफगानिस्तान ने ४४.५ ओवर में ७ विकेट गंवाकर २०७ रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया।
​अफगानिस्तान की इस यादगार जीत में राशिद खान हीरो रहे, जिन्होंने पहले गेंद से ३ विकेट लिए और फिर बल्ले से भी नाबाद ३७ रन की मैच जिताऊ पारी खेली। बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के लिए ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने सर्वाधिक ७१ रन बनाए। उन्होंने ७७ गेंदों का सामना करते हुए ५ छक्के और २ चौके लगाए। इसके अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने २७ और हशमतुल्लाह शाहिदी ने २२ रन का योगदान दिया। अंत में राशिद ने नाबाद ३७ रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने ४३ गेंदें खेलकर ४ चौके लगाए। आयरलैंड के गेंदबाजों में गेविन होय ने सर्वाधिक ४ विकेट लिए।
​इससे पहले पहली बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। शीर्ष क्रम में कप्तान पॉल स्टर्लिंग और काडे कारमाइकल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। स्टर्लिंग ने २३ और कारमाइकल ने ३२ रन बनाए। खराब शुरुआत के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों गेविन होय और जय मूंड्रा ने नौवें विकेट के लिए ७६ रन की पार्टनरशिप करके टीम को २०० के आंकड़े के पार पहुंचाया। होय ने ३६ और मूंड्रा ने ३१ रन बनाए।
​अफगानिस्तान के गेंदबाजों में एएम गजनफर और राशिद खान ने ३-३ विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए राशिद खान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
​इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने आईसीसी २०२७ वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया। इस तरह वनडे रैंकिंग में आठवें स्थान पर रहने वाला अफगानिस्तान चौथी बार वनडे विश्व कप में खेलने के लिए तैयार है। आने वाले साल में होने वाले वनडे विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे।

About Author

Advertisement