नई दिल्ली: भारतीय लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा कर दी है। घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु और आईपीएल में विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके ३५ वर्षीय मुरुगन ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर खेल जीवन से विदा लेने के अपने फैसले की जानकारी दी।
संन्यास की घोषणा करते हुए मुरुगन ने कहा, “मैंने अपने घरेलू क्रिकेट करियर और आईपीएल की यात्रा को यहीं समाप्त करने का फैसला किया है। मैं अब जीवन की नई चुनौतियों और अवसरों की तलाश करूंगा। हालांकि, खेल के प्रति मेरा लगाव और प्रतिस्पर्धी भावना हमेशा की तरह कायम रहेगी।”
मुरुगन अश्विन ने अपने आईपीएल करियर के दौरान राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने साल २०१६ से २०२३ के बीच आईपीएल में कुल ४४ मैच खेलकर ३५ विकेट चटकाए हैं।
इसके अलावा, उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी (फर्स्ट क्लास) करियर में ७ मैच खेले हैं, जबकि ३४ लिस्ट ‘ए’ मैचों में उनके नाम ३५ विकेट दर्ज हैं।









