नई दिल्ली: भारत को कच्चे तेल की बिक्री के मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा १०० प्रतिशत शुल्क (टैरिफ) लगाने का कानून लाने के बाद रूस ने उसका कड़े शब्दों में विरोध किया है। रूस ने दावा किया है कि रूसी तेल निर्यात ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भारत को तेल बेचकर वैश्विक अर्थव्यवस्था को बड़े झटके से बचाया है।अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा हाल ही में हस्ताक्षरित ‘लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट’ के अनुसार रूस से तेल आयात करने वाले भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान जैसे देशों पर १०० प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का अधिकार अमेरिका को मिल गया है।इसी संदर्भ में रूसी उप विदेश मंत्री आंद्रेई रुदेंको ने कहा कि भारतीय ऊर्जा सहयोग ने ईरान-अमेरिका तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा व्यापार में पैदा होने वाली बड़ी बाधाओं को दूर करने में मदद की है। उनका कहना है कि रूस सबसे कठिन भू-राजनीतिक परिस्थितियों में भी अपने सहयोगियों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम और एक विश्वसनीय निर्यातक है।दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भारत से अपील की है कि वह रूस के साथ कच्चा तेल और ऊर्जा का कारोबार पूरी तरह से बंद कर दे। जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस अपनी अर्थव्यवस्था के लिए भारत, चीन और तुर्की पर निर्भर है और यदि ये देश ऊर्जा व्यापार रोक दें तो रूस युद्ध विराम करने के लिए मजबूर हो जाएगा।अमेरिकी चेतावनी और दबाव के बावजूद भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि उसका ऊर्जा आयात बाजार की स्थितियों और देश की ऊर्जा सुरक्षा आवश्यकताओं पर आधारित है। भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी कहा है कि नई दिल्ली द्वारा तेल की खरीद रूस का समर्थन करने के लिए नहीं बल्कि भारत के अपने विकास और आवश्यकताओं के लिए है और मॉस्को भारत की ऊर्जा आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है।





