कोलकाता: एडवांस्ड पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित करते हुए कोलकाता के रुबी जनरल अस्पताल ने अपने १० बेड वाले अत्याधुनिक रेस्पिरेटरी केयर यूनिट (आरसियु) का आधिकारिक उद्घाटन किया है।
नए दौर की शुरुआत और बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद के प्रतीक उल्टा रथ यात्रा के पावन अवसर पर इस विशेष यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा की स्थापना देश के जाने-माने इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डाक्टर शुभंकर चक्रवर्ती, डाक्टर देबोप्रसाद दास और डाक्टर रिक्स्वम चटर्जी के नेतृत्व में की गई है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य गहन देखभाल और सामान्य रेस्पिरेटरी मेडिसिन के बीच के अंतर को समाप्त कर गंभीर मरीजों को २४ घंटे त्वरित व विशेषज्ञ इलाज मुहैया कराना है।
यूनिट का औपचारिक उद्घाटन अस्पताल के चीफ ऑफ मेडिकल सर्विसेज डाक्टर जोयदीप भट्टाचार्जी और हेड ऑफ क्रिटिकल केयर डाक्टर रिमिता दे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए डाक्टर भट्टाचार्जी ने कहा कि नया आरसियु सामान्य आईसीयू पर पड़ने वाले बोझ को कम करेगा और फेफड़ों के मरीजों को सटीक इलाज देगा। वहीं डाक्टर रिमिता दे ने बताया कि यह यूनिट नॉन-इन्वेंसिव वेंटिलेशन और हाई-फ्लो नेज़ल ऑक्सीजन थेरेपी जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है।

अस्पताल की पल्मोनोलॉजी टीम ने ब्रोन्कोस्कोपी, ईबीयूएस और थोराकोस्कोपी जैसी उन्नत जांच और उपचार विधियों को मरीजों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। मरीजों की त्वरित जांच के लिए यूनिट में प्वॉइंट-ऑफ-केयर अल्ट्रासोनोग्राफी और लंग अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा गंभीर मामलों के लिए रिजिड ब्रोंकोस्कोपी, फॉरेन बॉडी निकालना, क्लॉट रिट्रीवल, एयरवे स्टेंटिंग और इमरजेंसी ट्रेकियोस्टॉमी जैसी जीवनरक्षक सुविधाएं शामिल की गई हैं। पल्मोनोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट और प्रशिक्षित स्टाफ की समर्पित टीम के माध्यम से ये सभी सेवाएं मरीजों को २४ घंटे उपलब्ध रहेंगी।











