नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सोमवार को आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की जानी-मानी हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से नवाजा। इस वर्ष की पुरस्कार सूची में मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों का दबदबा रहा, जिसमें बॉलीवुड के ही-मैन दिवंगत धर्मेंद्र से लेकर मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी तक शामिल हैं।
भारतीय सिनेमा में पांच दशकों से अधिक समय तक अमूल्य योगदान देने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। पिछले वर्ष २४ नवंबर २०२५ को दुनिया को अलविदा कह चुके अभिनेता धर्मेंद्र की ओर से उनकी पत्नी व भाजपा सांसद हेमा मालिनी और बेटी अहाना ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया।
वहीं, अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को भी मरणोपरांत ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया है। सतीश शाह ने ‘जाने भी दो यारों’ से लेकर ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे शो से अपनी पहचान बनाई थी। इनके साथ ही कला क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए बहुमुखी अभिनय के धनी आर. माधवन को भी ‘पद्म श्री’ से विभूषित किया गया।
साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी और हिंदी सिनेमा की मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याज्ञनिक को ‘पद्म भूषण’ से नवाजा गया। ३०० से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके ममूटी और अपनी जादुई आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध करने वाली अलका याज्ञनिक की इस उपलब्धि ने इस बार के पद्म सम्मान समारोह को कला और मनोरंजन जगत के दिग्गजों को सलाम करने वाला एक ऐतिहासिक अवसर बना दिया है।










