कोलकाता: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूरे पश्चिम बंगाल का मौसम अचानक बदल गया है। सोमवार रात से दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश के कारण लोगों को अस्थायी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह से ही कोलकाता सहित कई जिलों में घने बादल छाए रहे और पूरे दिन रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग ने बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के ७ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि कोलकाता समेत अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाएं (४०-६० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार) और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं बांकुड़ा में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली।
पश्चिम मेदिनीपुर में भी बारिश के कारण सड़कों पर कीचड़ बढ़ा है, लेकिन प्रशासनिक गतिविधियां और जनसभाओं की तैयारियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में तापमान में ३-४ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।










