मुम्बई: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ को यूरोपियन टी२० प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) की डबलिन फ्रेंचाइजी ‘डबलिन गार्डियंस’ का मालिक घोषित किया गया है। इस अवसर पर द्रविड़ ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल टीम खरीदना नहीं बल्कि यूरोप में क्रिकेट के विकास में योगदान देना है। द्रविड़ के अनुसार, उन्हें ईटीपीएल की दूरदर्शी सोच ने आकर्षित किया। यह यूरोप में क्रिकेट को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर विकास करने और नए खिलाड़ियों के लिए रास्ता बनाने का एक असाधारण अवसर है। उन्होंने आगे कहा कि डबलिन में क्रिकेट को लेकर व्यापक उत्साह है और यहाँ खेल की अपार संभावनाएँ हैं। आने वाली पीढ़ी को तैयार करना हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है और उन्हें विश्वास है कि ईटीपीएल इस यात्रा में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को डबलिन गार्डियंस का कप्तान बनाया गया है। द्रविड़ जैसा रणनीतिक दिमाग और अश्विन जैसे अनुभवी कप्तान के साथ यह टीम लीग की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी बन गई है। अश्विन की कप्तानी वाली यह टीम लीग में बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम जैसी फ्रेंचाइजी का सामना करेगी।
ईटीपीएल की शुरुआत क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन ने मिलकर की है। यह एक क्रॉस-बॉर्डर फ्रेंचाइजी मॉडल होगा, जिसमें छह शहरों की टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में कई अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सेंटनर, लियाम लिविंगस्टोन, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे नाम शामिल हैं।
इस लीग की अन्य टीमों के साथ भी बड़े नाम जुड़े हुए हैं। बेलफास्ट फ्रेंचाइजी के मालिक ग्लेन मैक्सवेल हैं, जबकि स्टीव वॉ एम्स्टर्डम फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हैं। रॉटरडैम फ्रेंचाइजी में जोंटी रोड्स और फाफ डु प्लेसिस शामिल हैं, वहीं ग्लासगो टीम में क्रिस गेल की भागीदारी है।










