यूरोपीय चैंपियंस लीग: पेरिस सेंट जर्मेन और रियल मैड्रिड की जीत, आर्सेनल बराबरी पर रुका

Screenshot_20260312_125229_FotoCollage Maker

नई दिल्ली: यूरोपीय चैंपियंस लीग के अंतिम १६ के पहले चरण के मुकाबलों में पेरिस सेंट जर्मेन, रियल मैड्रिड और बोडो ग्लिम्ट ने जीत दर्ज की, जबकि आर्सेनल को बराबरी से संतोष करना पड़ा।
बुधवार रात खेले गए मुकाबले में रियल मैड्रिड ने मैनचेस्टर सिटी को ३–० से हरा दिया। मैड्रिड के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में फेडेरिको वाल्वेर्दे टीम के नायक बने। उन्होंने २०वें, २७वें और ४२वें मिनट में गोल करते हुए हैट्रिक पूरी की। पहले ही हाफ में 3–0 की बढ़त बनाने के बाद रियल मैड्रिड को जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। मैनचेस्टर सिटी ने पूरे मुकाबले में प्रयास किए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सका।
एक अन्य मुकाबले में आर्सेनल को जर्मनी के क्लब बायर लेवरकुसेन ने १–१ की बराबरी पर रोक दिया। लेवरकुसेन के रोबर्ट एंड्रिख ने ४६वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई थी। हालांकि मुकाबले के अंतिम क्षणों में काई हावर्त्स ने ८९वें मिनट में पेनल्टी से गोल कर आर्सेनल को बराबरी दिला दी।
वहीं पिछले सत्र का विजेता पेरिस सेंट जर्मेन ने चेल्सी को ५–२ से हरा दिया। पहले हाफ तक २–१ की बढ़त बनाने वाली पेरिस सेंट जर्मेन की टीम ने दूसरे हाफ में तीन और गोल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टीम के लिए ख्विचा ख्वारात्सखेलिया ने ८६वें मिनट और अतिरिक्त समय में गोल किए। इसके अलावा ब्रैडली बारकोला, उस्मान डेम्बेले और वितिन्हा ने भी एक-एक गोल किया। चेल्सी की ओर से मालो गुस्तो और एंजो फर्नांडेज ने गोल किए।
एक अन्य मुकाबले में नॉर्वे के क्लब बोडो ग्लिम्ट ने पुर्तगाल के स्पोर्टिंग लिस्बन को ३–० से हरा दिया। विजेता टीम के लिए सोंद्रे ब्रुनस्टाड, ओले डिड्रिक ब्लोमबर्ग और कास्पर होग ने गोल किए।
अंतिम १६ के दूसरे चरण के मुकाबले १७ मार्च से खेले जाएंगे।

About Author

Advertisement