यूएफा चैंपियंस लीग प्लेऑफ: पीएसजी और रियल मैड्रिड की जीत, युवेंटस का करारी हार

IMG-20260218-WA0062

नई दिल्ली: यूएफा चैंपियंस लीग के प्लेऑफ चरण के पहले लेग में गत चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) और रियल मैड्रिड ने जीत दर्ज की, जबकि इटली के दिग्गज क्लब युवेंटस को निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा।
रियल मैड्रिड की संकीर्ण जीत
मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में रियल मैड्रिड ने बेन्फिका को १-० से हराया। पुर्तगाली क्लब के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में रियल मैड्रिड ने ५६ प्रतिशत बॉल पजेशन रखा। मैच का एकमात्र गोल ५०वें मिनट में विनीसियस जूनियर ने किया, जो अंत तक निर्णायक साबित हुआ। दोनों टीमों के बीच दूसरा लेग २६ फरवरी को खेला जाएगा।
युवेंटस को २-५ से हार
युवेंटस को अपने घरेलू मैदान पर गालातासराय के हाथों २-५ से हार झेलनी पड़ी। विजेता टीम की ओर से नोआ लांग ने ४९वें और ७४वें मिनट में दो गोल किए। इसके अलावा गेब्रियल सारा (१५वां), डेविसन सांचेज (६०वां) और साचा बोए (८६वां) ने भी गोल दागे। युवेंटस के लिए ट्यून कूपमेनर्स ने १६वें और ३२वें मिनट में गोल किए। ६७वें मिनट में जुआन काबाल को रेड कार्ड मिलने से टीम को बड़ा झटका लगा। अब दूसरे लेग में युवेंटस पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करने का दबाव रहेगा।
पीएसजी की रोमांचक वापसी
पीएसजी ने १० खिलाड़ियों तक सिमटी एएस मोनाको को ३-२ से हराया। मोनाको ने शानदार शुरुआत करते हुए फ्लोरियन बालोगन के गोल से बढ़त बनाई। हालांकि ४८वें मिनट में एलेक्जेंडर गोलोविन को रेड कार्ड मिलने के बाद मैच का रुख बदल गया। पीएसजी के लिए डेसिरे डुए ने दो गोल किए, जबकि अचरफ हकीमी ने एक गोल दागा।
डॉर्टमुंड की जीत
एक अन्य मुकाबले में जर्मन क्लब बोरुसिया डॉर्टमुंड ने अटलांटा को २-० से हराया। डॉर्टमुंड के लिए शेरहो गुइरासी और मैक्सिमिलियन बेयर ने गोल किए।
पहले लेग के बाद अब सभी टीमों की नजरें दूसरे लेग पर टिकी हैं, जहां अंतिम १६ में जगह पक्की करने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

About Author

Advertisement