लिस्बन: यूएफा चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में आर्सनल, बायर्न म्यूनिख, लिवरपूल, टोटनहैम, बार्सिलोना, चेल्सी, स्पोर्टिंग लिस्बन और मैनचेस्टर सिटी ने सीधे प्री–क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। वहीं गत चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) और रियल मैड्रिड सहित १६ टीमें प्लेऑफ के जरिए अंतिम १६ में पहुंचने का प्रयास करेंगी।
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार लीग चरण के बाद शीर्ष आठ टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचती हैं, जबकि नौवें से २४वें स्थान तक की टीमें प्लेऑफ खेलती हैं। नापोली और एथलेटिक क्लब सहित १२ टीमों का सफर समाप्त हो गया।
बुधवार रात खेले गए मुकाबले में रियल मैड्रिड को बेनफिका के हाथों ४–२ से हार का सामना करना पड़ा। रियल के लिए दोनों गोल किलियन एम्बाप्पे ने किए। अंतिम क्षणों में राउल असेन्सियो और रोड्रिगो को लाल कार्ड दिखाया गया। इस हार के बावजूद रियल १५ अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहा और प्लेऑफ में पहुंच गया।
आर्सनल ने कजाकिस्तान के कैरात को ३–२ से हराकर २४ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। बायर्न म्यूनिख ने पीएसवी आइंडहोवेन को २–१ से पराजित कर दूसरा स्थान सुनिश्चित किया।
लिवरपूल ने काराबाग को ६–० से करारी शिकस्त दी, जबकि बार्सिलोना ने कोपेनहेगन को ४–१ से हराया। टोटनहैम और मैनचेस्टर सिटी ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर सीधा क्वालिफिकेशन हासिल किया।
पीएसजी और न्यूकैसल के बीच मुकाबला १–१ से ड्रॉ रहा। दोनों टीमों ने १४–१४ अंकों के साथ प्लेऑफ में प्रवेश किया।









