नई दिल्ली(नेत्र बिक्रम बिमली): लियोनेल मेसी ने विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मेसी के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को २-० से हरा दिया।
अमेरिका के डलास स्टेडियम में सोमवार देर रात खेले गए ग्रुप ‘जे’ के एक रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया पर यह जीत दर्ज की। लगभग ७० हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस मैच में मेसी ने दो गोल कर फुटबॉल इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया।
कैसे टूटा मिरोस्लाव क्लोस का रिकॉर्ड?
मैच के ३८वें मिनट में फकुंडो मेडिना के पास को गोल में बदलते हुए मेसी ने अर्जेंटीना को १-० की शुरुआती बढ़त दिलाई। इस गोल के साथ ही विश्व कप में मेसी के १७ गोल पूरे हो गए और उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोस के १६ गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पहले हाफ में १-० की बढ़त बनाने के बाद अर्जेंटीना ने दूसरे हाफ में भी मैच पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
मैच के आखिरी पलों में ऑस्ट्रिया ने बराबरी करने की कोशिशें तेज कर दीं, लेकिन वे अर्जेंटीना के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे। निर्धारित ९० मिनट के बाद इंजरी टाइम (अतिरिक्त समय) में मेसी ने अपना दूसरा और टीम के लिए भी दूसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी। जूलियन अल्वारेज़ के शॉट के रिबाउंड होने पर मेसी ने गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ ही विश्व कप इतिहास में मेसी के कुल गोलों की संख्या १८ पहुंच गई है।
गोलकीपर मार्टिनेज का शानदार प्रदर्शन
ऑस्ट्रिया की ओर से मार्सेल साविट्जर और केविन डैंसो ने गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए थे, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने बेहतरीन बचाव करते हुए ऑस्ट्रिया को खाता नहीं खोलने दिया। मैच के अंतिम पड़ाव में हालांकि ऑस्ट्रिया ने दबाव बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के मजबूत डिफेंस और मिडफील्डर एलेक्सिस मैक एलिस्टर के प्रदर्शन के आगे उनकी एक न चली।
इस जीत के साथ ही ग्रुप ‘जे’ में अर्जेंटीना बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। चूंकि दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मुकाबले जीते थे, इसलिए ग्रुप टॉपर बनने की रेस के लिहाज से इस मैच को बेहद अहम माना जा रहा था।










