शिलांग: शिलांग में कार्यस्थल पर हुए हादसे में मारे गए पांच लोगों के परिवारों को सरकार ने कोई सहायता नहीं दी, पीपुल्स वॉइस पार्टी (वीपीपी) के अध्यक्ष आर्डेंट मिलर बसैयावमोइत के इस आरोप का मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने खंडन किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के लिए निर्धारित राज्य आपदा शमन कोष (एसडीएमएफ) से दुर्घटना पीड़ितों को सहायता देना कानूनी रूप से संभव नहीं है। हालांकि, सरकार ने मुख्यमंत्री विशेष अनुदान (सीएमएसजी) के तहत इन पांचों परिवारों को सहायता राशि पहले ही प्रदान कर दी है।
संगमा के अनुसार, सीएमएसजी के लिए कोई निश्चित दिशा-निर्देश नहीं हैं। परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री इस कोष से सहायता दे सकते हैं। लेकिन यदि हर दुर्घटना में इसी तरह आर्थिक सहायता देने की परंपरा बन जाए, तो भविष्य में यह नियम या अपेक्षा का रूप ले सकती है। इसलिए सरकार इस मामले को संवेदनशीलता से देख रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बिना किसी प्रचार के प्रभावित परिवारों की मदद की। वहीं, वीपीपी अध्यक्ष बसैयावमोइत ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर एक जिम्मेदार विधायक के रूप में उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया।









