गंगटोक: मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने नरेंद्र मोदी को उनकी व्यस्त दिनचर्या, जिम्मेदारियों और बैठकों के बावजूद कोलकाता से सिक्किम आने के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति ने इस अवसर को वास्तव में विशेष बना दिया है और यह राज्य के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने आज सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सुबह से ही सिक्किम के विभिन्न हिस्सों से प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए सभी नागरिकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित सभी फ्रंटल संगठनों के प्रति भी आभार प्रकट किया।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, मंत्रिपरिषद के सदस्य, विधायकगण, सलाहकार, विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्ष, राजनीतिक सचिवों, सिक्किम सरकार के सभी गणमान्य व्यक्तियों तथा सामाजिक संगठनों को भी धन्यवाद दिया। इसके अलावा उन्होंने लामा, झांक्री, पंडित एवं विभिन्न आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।उन्होंने २८ अप्रैल २०२६ को पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस एकता की भावना को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने लोगों से सुबह ८ बजे तक अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनने और इस अवसर को भव्य व यादगार बनाने की अपील की।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज सिक्किम पहुंचे हैं। उन्होंने देवराली से लोकभवन तक आयोजित रोड शो में भाग लिया। वहीं, २८ अप्रैल को वे सिक्किम राज्य स्थापना के ५०वें वर्षगांठ समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।








