निशिन(जापान): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने रविवार को टी२० अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। मंधाना इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। भारतीय उपकप्तान ने ४७८८ टी२० अंतरराष्ट्रीय रन के साथ न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एशियाई खेल २०२६ के अंतर्गत कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आज बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के दौरान मंधाना ने यह उपलब्धि हासिल की। मंधाना ने मैच में १९ गेंदों में ५ चौकों और २ छक्कों की मदद से ३७ रन बनाए। सूजी बेट्स ने टी२० अंतरराष्ट्रीय में ४७५८ रन बनाए हैं।
मंधाना ने इस प्रारूप में अब तक १७८ मैच खेलकर २ शतक और ३६ अर्धशतक बनाए हैं। आज मैच में उतरते समय मंधाना को रिकॉर्ड बनाने के लिए केवल ८ रन की आवश्यकता थी। महिला टी२० अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में मंधाना और बेट्स के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं। हरमनप्रीत ने इस प्रारूप में ४३१८ रन बनाए हैं। वहीं चौथे स्थान पर रहने वाली श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने ४२८२ रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन ३८१७ रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
मंधाना अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों को मिलाकर भी सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने कुल १०९८७ रन बनाए हैं। मंधाना ने टेस्ट क्रिकेट में ७८८ और महिला वनडे में ५४११ रन बनाए हैं।
महिला टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक १९३५ रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड की जैन ब्रिटिन के नाम है। वहीं महिला वनडे में सर्वाधिक ७८०५ रन बनाने का रिकॉर्ड भारत की ही मितालीस राज के नाम है। टी२० अंतरराष्ट्रीय में मंधाना ४७८८ रन के साथ शीर्ष स्थान पर हैं।
रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए २० ओवर में ४ विकेट खोकर १९५ रन का विशाल स्कोर बनाया। ओपनर शेफाली वर्मा ने सर्वाधिक नाबाद १०० रन बनाए। उन्होंने ४९ गेंदें खेलकर ९ छक्के और ३ चौके लगाए। यह उनका पहला टी२० अंतरराष्ट्रीय शतक है। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत ने ४० और मंधाना ने ३७ रन का योगदान दिया।





