पुणे: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का गुरुवार को पुणे जिले के बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ६६ वर्षीय अजित पवार बुधवार को एक विमान दुर्घटना में मारे गए थे।
आज दोपहर १२ बजकर १० मिनट पर अजित पवार पंचतत्व में विलीन हो गए। इससे पहले करीब छह किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा सुबह नौ बजे उनके पैतृक गांव काटेवाड़ी से निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। लोगों ने ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे लगाए।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अजित पवार की पत्नी एवं राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार, बेटे पार्थ और जय ने भी अंतिम संस्कार में भाग लिया। पार्थ और जय ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। राकांपा की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अजित पवार की मृत्यु बुधवार सुबह बारामती हवाई पट्टी के पास एक लियरजेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई। हादसे में दो पायलट, एक विमान परिचारिका और एक निजी सुरक्षा अधिकारी की भी मौत हो गई। दुर्घटना का संभावित कारण घना कोहरा बताया जा रहा है।










