एकसाथ ६४ माइक्रो रॉकेट दागने में सक्षम
नई दिल्ली:भारतीय सेना ने रक्षा क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए पहली स्वदेशी दोहरी एंटी-ड्रोन प्रणाली ‘भार्गवास्त्र’ प्राप्त की है। एकसाथ ६४ माइक्रो रॉकेट दागने में सक्षम यह प्रणाली शत्रु के ड्रोन हमले को रोकने के बजाय पूरी तरह नष्ट करने की क्षमता रखती है।
सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (एसडीएएल) ने वाहन पर माउंट करने योग्य इस प्रणाली का डिजाइन, विकास और एकीकरण किया है। कंपनी ने २० से २४ नवंबर २०२६ तक पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में इसका आंतरिक विकास परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
स्वदेशी और बहुउपयोगी क्षमता
’भार्गवास्त्र’ भारत में स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित पहली दोहरी ड्रोन प्रतिरक्षा प्रणाली है, जो हवाई रक्षा रॉकेटों और निर्देशित सूक्ष्म मिसाइलों को एकीकृत कर आधुनिक ड्रोन खतरे के खिलाफ प्रभावी समाधान देती है। इसमें स्वदेशी अनगाइडेड रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइल का उपयोग किया जाता है, जो ड्रोन के झुंड को एकसाथ निशाना बना सकती है।
महंगी मिसाइलों के बजाय सस्ते इंटरसेप्टर और माइक्रो मिसाइलों के उपयोग से इसमें लागत की भी बचत होती है। वाहन पर माउंट होने के कारण इसे रेगिस्तान, मैदानी इलाकों तथा समुद्र तल से ५,००० मीटर तक की ऊंचाई वाले सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में आसानी से तैनात किया जा सकता है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत विकसित यह प्रणाली आकाशतीर और एकीकृत वायु कमान तथा नियंत्रण प्रणाली जैसे सैन्य नेटवर्क से जुड़ने में सक्षम है।





