न्यूयॉर्क: भारतीय मूल के एक दंपती ने अमेरिका के टेक्सास स्थित अपने पूर्व विश्वविद्यालय को दो करोड़ अमेरिकी डॉलर का दान दिया है। अनुराधा और विकास सिन्हा द्वारा दिए गए इस दान से नॉर्थ टेक्सास विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उन्नत विश्लेषण के क्षेत्र में शिक्षा तथा अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, दान की गई राशि का उपयोग विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा उन्नत विश्लेषण पर केंद्रित नए शैक्षणिक और अनुसंधान अवसर पैदा करने में किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने इस दान से ‘अनुराधा एंड विकास सिन्हा कॉलेज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स’ स्थापित करने की घोषणा की है।
विकास सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ने उनके लिए अवसरों के दरवाजे खोले हैं और वे चाहते हैं कि ऐसे अवसरों के दरवाजे दूसरों के लिए भी खुले रहें।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह दान अवसर को आगे बढ़ाने का प्रयास ही नहीं, बल्कि इस बात को स्वीकार करना भी है कि प्रवासी लोग केवल अमेरिकी सपने के सहभागी नहीं होते, बल्कि उसे साकार करने में भी योगदान देते हैं।”
आंध्र प्रदेश के कुरनूल स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय और जी. पुल्ला रेड्डी इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद विकास और अनुराधा आगे की शिक्षा के लिए अमेरिका पहुंचे थे। उन्होंने फ्लोरिडा अटलांटिक विश्वविद्यालय से स्नातक स्तर की शिक्षा हासिल की।
नॉर्थ टेक्सास विश्वविद्यालय के अध्यक्ष हैरिसन केलर ने कहा कि सिन्हा दंपती के नाम पर स्थापित होने वाला कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उन्नत विश्लेषण कॉलेज विश्वविद्यालय को इस क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की स्थिति में पहुंचाएगा।





