भागोप्रमो ने पहाड़ के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

IMG-20260316-WA0020

दार्जिलिंग: राज्य में चुनाव की घोषणा के बाद अनित थापा की पार्टी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने पहाड़ के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उम्मीदवारों की सूची पार्टी ने रविवार रात जारी की।
अनित थापा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी पार्टी पहाड़ी क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। कालिम्पोंग विधानसभा क्षेत्र से रुधेन सादा लेप्चा को उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने वर्ष २०२१ में यह सीट जीती थी और विधायक बने थे। दार्जिलिंग विधानसभा क्षेत्र से बिजय कुमार राय को उम्मीदवार घोषित किया गया है, जबकि कर्सियांग विधानसभा क्षेत्र से अमर लामा को प्रत्याशी बनाया गया है।
बिजय कुमार राय एक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्य करते हैं और पहाड़ के कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़े हुए हैं। वहीं अमर लामा बीजीपीएम के सचिव हैं और इससे पहले दार्जिलिंग में पार्षद के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
उम्मीदवारों की घोषणा के बाद जीटीए के मुख्य कार्यकारी और भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के अध्यक्ष अनित थापा ने क्षेत्रीय पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। पार्टी ने उम्मीदवारों के समर्थन में सामाजिक माध्यमों पर प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है। पार्टी नेताओं ने बताया कि सोमवार से पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर उतरकर प्रचार अभियान चलाया जाएगा।

About Author

Advertisement