इण्डियन वेल्स: कैलिफोर्निया में खेले गए इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में इटली के खिलाड़ी यानिक सिनर ने रूस के दानिल मेदवेदेव को ७-६ (६), ७-६ (४) से हराकर पुरुष एकल का खिताब अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट के टाईब्रेक में ०-४ से पीछे होने के बावजूद सिनर ने लगातार ७ अंक जीतकर शानदार वापसी की और बिना कोई सेट गंवाए टूर्नामेंट जीत लिया। विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सिनर की पिछले १० मुकाबलों में मेदवेदेव के खिलाफ यह नौवीं जीत रही। इससे पहले मेदवेदेव ने सेमीफाइनल में स्पेन के शीर्ष वरीय खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज को हराया था।
फाइनल जीतने के बाद सिनर ने इटली के युवा रेसर किमी एंटोनेली को भी बधाई दी, जिन्होंने उसी दिन चीनी ग्रां प्री का खिताब जीता। सिनर ने इसे इटली के लिए खास दिन बताया। उन्होंने कहा कि वह मोटर रेसिंग के बड़े प्रशंसक हैं और किसी युवा इतालवी को देश का नाम रोशन करते देख उन्हें गर्व महसूस होता है।
वहीं महिला एकल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना को ३-६, ६-३, ७-६ (६) से हराकर खिताब जीत लिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और निर्णायक सेट का फैसला टाईब्रेक में हुआ।
गर्मी के मौसम में खेले गए इस मुकाबले में सबालेंका ने तीसरे सेट में ५-४ के स्कोर पर मैच जीतने का मौका गंवा दिया था, लेकिन टाईब्रेक में शानदार वापसी करते हुए बैकहैंड विनर के साथ मैच अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद सबालेंका ने कहा कि पूरे मुकाबले में उनका लक्ष्य मानसिक रूप से मजबूत बने रहना था। उन्होंने कहा कि परिस्थिति कैसी भी हो, वह अपनी शारीरिक भाषा सकारात्मक रखना चाहती थीं। दबाव के समय संयम के साथ खेलने से उन्हें जीत मिली और वह इससे बहुत खुश हैं।
खिताब जीतने के बाद सबालेंका के पास जश्न मनाने का ज्यादा समय नहीं है। वह उसी रात मियामी ओपन के लिए रवाना हो गईं, जहां वह गत विजेता हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि अब विमान में ही एक–दो पेय के साथ जीत का जश्न मनाऊंगी, क्योंकि मियामी में खिताब बचाने के लिए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।









