नई दिल्ली: फुटबॉल खेल का महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप १२ जून से शुरू होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में विश्व प्रसिद्ध संगीतकारों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। सह-मेजबान देश मैक्सिको के पहले मैच से पहले शाकिरा और बर्ना ब्वॉय विशेष प्रस्तुति देंगे। मैक्सिको सिटी में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह के दौरान वे प्रतियोगिता का आधिकारिक गीत ‘डाइ डाइ’ पेश करेंगे।
यह समारोह वर्ल्ड कप के सह-मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मैच से ठीक पहले आयोजित किया जाएगा। फीफा ने इस बार तीनों मेजबान देशों में अलग-अलग उद्घाटन समारोह आयोजित करने की योजना बनाई है। मैक्सिको के कार्यक्रम में शाकिरा और बर्ना के साथ अलेजान्द्रो फर्नांडीज, बेलिंडा, डानी ओसियन, जे बाल्विन, लीला डाउन्स, लॉस एंजिल्स अजुल्स, माना और टायला भी मंच साझा करेंगे।
कनाडा का उद्घाटन समारोह १२ जून को टोरंटो में आयोजित होगा, जहां अलानिस मोरिसेट और माइकल बुब्ले मुख्य आकर्षण होंगे। इस समारोह के बाद सह-मेजबान कनाडा का मुकाबला बोस्निया एंड हर्जेगोविना से होगा।
उसी दिन अमेरिका के लॉस एंजिल्स में होने वाले समारोह में केटी पेरी, लिसा, रेमा, अनिता और फ्यूचर अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। इसके बाद सह-मेजबान अमेरिका का मैच पराग्वे के खिलाफ खेला जाएगा।
इन तीनों उद्घाटन समारोहों का निर्देशन इटली के प्रसिद्ध निर्माता मार्को बालिच कर रहे हैं। प्रत्येक समारोह संबंधित मैच शुरू होने से लगभग ९० मिनट पहले आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, वर्ल्ड कप फाइनल के हाफ-टाइम (मध्यांतर) में भी शाकिरा के साथ मैडोना और बीटीएस द्वारा प्रस्तुति दिए जाने की पुष्टि की गई है।
फीफा ने जानकारी दी है कि आधिकारिक गीत ‘डाइ डाइ’ के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र में सहयोग करने के उद्देश्य से १० करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। फीफा वर्ल्ड कप का यह संस्करण बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इस बार टूर्नामेंट में कुल ४८ देश हिस्सा ले रहे हैं।










