सिलिगुड़ी: बागडोगरा इलाके में शनिवार शाम को हुए एक भीषण सड़क हादसे में नेपाल के झापा (बिर्तामोड) निवासी एक २३ वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित चौधरी के रूप में हुई है, जो बिर्तामोड वार्ड नंबर ५ का रहने वाला था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब ५ बजे बागमती प्रदेश-०१-०३२ च १६८० नंबर की एक नेपाली कार बागडोगरा के पास से गुजर रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह लगभग दो हिस्सों में बंट गई। यह दुर्घटना स्थल भारत-नेपाल सीमा पानीटंकी से करीब २३ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

हादसे में अमित के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत बागडोगरा के गैलेक्सी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी हालत बिगड़ने और दिल की धड़कन बंद होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नियोतिया अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बागडोगरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











